12 May 2026 Weather Update: गर्मी से मिल सकती है राहत... यूपी-बिहार सहित इन राज्यों में आंधी-पानी का हाई अलर्ट, चक्रवात के कारण बढ़ेगी हवा की भी रफ्तार

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. वहीं दक्षिण असम के पास भी ऐसा ही सिस्टम सक्रिय है. यही वजह है कि कई राज्यों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है. खासकर पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा ज्यादा बताया गया है. किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वहीं हवा की रफ्तार 80 से 85km/h हो सकती है.

12 may 2026 weather
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

मई की तपती गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. अगर आप घर से बाहर निकलने या सफर का प्लान बना रहे हैं, तो जरा संभल जाइए, क्योंकि मौसम विभाग ने 12 मई के लिए यूपी, बिहार समेत 19 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और कई जगहों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे परेशानी बढ़ने की आशंका है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में 12 मई को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यूपी में कई जिलों पर बारिश-आंधी का असर
उत्तर प्रदेश में मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, बिजनौर, मैनपुरी, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया गया है. लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.

बिहार में बिजली और तेज हवा की चेतावनी
बिहार के पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, मधेपुरा, गोपालगंज, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और भागलपुर में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. यहां हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं. साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है. पटना का तापमान 34 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

झारखंड और पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
झारखंड के साहेबगंज, दुमका, देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो और गुमला जैसे इलाकों में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है. रांची में तापमान 32 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

वहीं उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, देहरादून और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी और कांगड़ा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है.

पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में भी असर
पंजाब के कई जिलों में तेज बारिश और 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चल सकती है. वहीं राजस्थान के अलवर, सीकर, बीकानेर, बाड़मेर और जोधपुर में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी हुआ है. जयपुर में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है.

दोनों राज्यों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, कुलगाम, अनंतनाग और राजौरी जैसे इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.

घर से बाहर निकलने से पहले बरते सावधानी
अगर बहुत जरूरी काम न हो तो खराब मौसम के दौरान घर से निकलने से बचें. खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचना बेहतर होगा. खासकर जिन इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी है, वहां अतिरिक्त सावधानी जरूरी है. घर से निकलने से पहले वेदर रिपोर्ट जरूर पढ़ लें. खास कर पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोग. 

ये भी पढ़ें 


 

Read more!

RECOMMENDED