राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार यानी 15 मार्च को मौसम कुछ बदला-बदला नजर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और सुबह या दोपहर के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है.
तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है. अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे मौसम उम्मीद के हिसाब से सुहावना बना रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग का कहना है कि 15 मार्च को राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम में अचानक बदलाव महसूस किया जा सकता है.
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहने के संकेत हैं. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को मौसम के अचानक बदलने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी की है. खासकर असम में 15 मार्च को कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 मार्च के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. अरुणाचल प्रदेश में भी 16 मार्च तक लगातार बारिश होने की संभावना है. नागालैंड में लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने और स्थानीय स्तर पर परेशानियां बढ़ने की आशंका जताई गई है.
हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 और 16 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का असर साफ दिखाई देगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा इन इलाकों और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.