Weather Today: देश में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. पूर्वोत्तर राज्यों और गुजरात, महाराष्ट्र में भारी बारिश हो रही है. इससे कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 अगस्त 2026 को 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है.
बारिश के दौरान कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर ओले गिरने और वज्रपात होने की संभावना है.ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. रविवार को मॉनसून असम, सिक्किम, नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, मणिपुर, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में अपना प्रचंड रूप दिखा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में और पूर्वी सिरा अपनी सामान्य स्थिति के उत्तर में स्थित है. ऐसे में पूर्वोत्तर भारत, उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है.
2 अगस्त को इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 2 अगस्त 2026 को 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. रविवार को जिन राज्यों में आंधी-पानी की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, राजस्थान, मणिपुर, मेघालय, असम, पंजाब, हरियाणा व उत्तराखंड शामिल हैं.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 2 अगस्त से लेकर 5 अगस्त तक लगातार बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. इस दौरान बारिश होने की भी संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में 2 अगस्त को सुबह बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है. मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है.
यूपी में आंधी और बारिश की चेतावनी
यूपी में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय है. IMD के मुताबिक 2 से 7 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं. रविवार को यूपी के सभी 75 जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. यूपी में 2 से 7 अगस्त के बीच जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सीतापुर, हरदोई, गोंडा, बहराइच, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, गाजीपुर, जौनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा शामिल हैं.
बिहार में आंधी-पानी की संभावना
मौसम विभाग ने बिहार में 2 से 6 अगस्त के बीच बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. जिन स्थानों पर आंधी-पानी की संभावना है, उनमें पटना, गया, नालंदा, नवादा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, अररिया शामिल हैं. बारिश के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर वज्रपात होने की संभावना है.
हिमालयी राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 2 से 7 अगस्त के बीच हिमालयी राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश होने की संभावना है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है.
इन राज्यों में भी होगी बारिश
कोंकण, गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और मध्य महाराष्ट्र में 2 से 3 अगस्त के बीच भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. केरल और कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. कई स्थानों पर 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.