23 सितंबर को देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब गहरे दबाव यानी डीप डिप्रेशन में बदल चुका है और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 22 सितंबर की शाम यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 140 किलोमीटर, ओडिशा के गोपालपुर से करीब 150 किलोमीटर और विशाखापट्टनम से करीब 220 किलोमीटर दूर था. इसके 23 सितंबर की रात तक विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को पार करने की संभावना जताई गई थी. अगर ऐसा होता है तो इसका सबसे ज्यादा असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में देखने को मिलेगा. इसके अलावा तेलंगाना, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक का दौर बन सकता है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में 23 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. तापमान में भी बहुत बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रह सकता है. लोगों की मुश्किलें आज गर्मी के कारण बढ़ेगी.
बिहार में बारिश का दौर
बिहार में 23 सितंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रह सकता है.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में 23 सितंबर को कुछ हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना ज्यादा बताई गई है. वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, प्रयागराज, कौशांबी और भदोही जैसे इलाकों में बारिश हो सकती है. लखनऊ में 23 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रह सकता है.
झारखंड
झारखंड में 23 सितंबर को कई इलाकों में मौसम बदल सकता है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और आसपास के जिलों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
ओडिशा
ओडिशा में 23 सितंबर को मौसम काफी खराब रहने वाला है. राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. भुवनेश्वर, पुरी, गोपालपुर, गंजाम और कोरापुट समेत कई इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ समुद्र भी बहुत उग्र रहने की संभावना है.
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में भी बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर देखने को मिलेगा. कोलकाता, हावड़ा, मेदिनीपुर और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 23 सितंबर को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा. विशाखापट्टनम, कलिंगपट्टनम, श्रीकाकुलम, विजयनगरम और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. डीप डिप्रेशन के तट पार करने के दौरान मौसम और बिगड़ने की संभावना है.
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में 23 सितंबर को कई हिस्सों में बारिश का असर रह सकता है. रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में बादल छाने के साथ बारिश और गरज-चमक हो सकती है.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 23 सितंबर को बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. भोपाल, जबलपुर, सागर, रीवा और आसपास के इलाकों में मौसम बदल सकता है.
तेलंगाना
तेलंगाना में भी इस मौसम प्रणाली का असर दिखाई देगा. हैदराबाद, वारंगल, करीमनगर और आसपास के इलाकों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की स्थिति भी बन सकती है.
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में भी 23 सितंबर को बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. मुंबई, पुणे, नासिक, नागपुर और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है. मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है.
कर्नाटक
कर्नाटक के कई हिस्सों में 23 सितंबर को बारिश हो सकती है. बेंगलुरु, मैसूर, मंगलुरु और हुबली समेत कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.
केरल
केरल में 23 सितंबर को बारिश का दौर बना रह सकता है. तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, कोझिकोड और आसपास के इलाकों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
नॉर्थ ईस्ट में बारिश और गरज-चमक का असर
नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों में 23 सितंबर को मौसम बदला हुआ रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी है, जबकि असम और मेघालय में भी भारी बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है. मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में भी कई जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है.
गुवाहाटी, शिलॉन्ग, ईटानगर, कोहिमा, इंफाल, आइजोल और अगरतला समेत नॉर्थ ईस्ट के कई शहरों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है. शिलॉन्ग में 23 सितंबर को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
ये भी पढ़ें