27 सितंबर को देश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, असम और कुछ अन्य राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना है. कुछ जगहों पर तेज हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में 27 सितंबर को भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट है. यहां हवा की रफ्तार करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. दिल्ली में शनिवार को भी हल्की बारिश हुई है. आज दिन का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की परेशानी भी हो सकती है.
यूपी में तेज हवा के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, सहारनपुर और आसपास के इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. यहां 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार में भी भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के पटना, भोजपुर, बक्सर, सिवान, सारण, चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर और कई अन्य जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. इस दौरान हवा 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में भी सावधानी जरूरी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट है. पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.