देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का रंग एक बार फिर बदलने जा रहा है. एक तरफ असम और अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, वहीं दिल्ली, राजस्थान और कुछ अन्य इलाकों में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने अगले 12 घंटे को लेकर नया अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर तेलंगाना और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अब भी सक्रिय है. वहीं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. हालांकि उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट के ऊपर बना सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है.
इन राज्यों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु और असम में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस राज्यों में आंधी-तूफान और तेज बारिश का आसार बना हुआ है.
दिल्ली-एनसीआर में कब मिलेगी राहत?
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई के लिए बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं 1 जुलाई के बाद बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, सीतापुर, मोरादाबाद, बहराइच, गोंडा, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली, फतेहपुर और चित्रकूट में भारी बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
वहीं बिहार के पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, पटना, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सारण, सिवान, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, भागलपुर, अररिया, मुंगेर और बेगूसराय में भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. जयपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं 2 जुलाई से जयपुर में लगातार 4 से 5 दिन रुक-रुक कर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.
पश्चिम बंगाल
उधर पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में 200 मिमी तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर दिनाजपुर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में भी गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी है. लगातार बारिश की वजह से उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हुआ है और कई जगह सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है.
केरल और तमिलनाडु में भी बारिश की चेतावनी
केरल के कासरगोड, कन्नूर, वायनाड और कोझिकोड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी 10 जिलों में येलो अलर्ट लागू है. 29 जून को कई इलाकों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है. वहीं 30 जून से 2 जुलाई तक भी कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.
तमिलनाडु के चेन्नई, नीलगिरि, थेनी, डिंडीगुल, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, रानीपेट, वेल्लोर, तिरुपत्तूर, तिरुवन्नामलाई और विल्लुपुरम समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है. कोयंबटूर के पहाड़ी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है. चेन्नई का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें