Advertisement

Weather Update: दिल्ली में आंधी और हल्की बारिश ने दी गर्मी से राहत, तापमान में भारी गिरावट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस सीजन की सबसे तेज़ हवाएं 104 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं, जो कि 2018 के बाद से दूसरी सबसे तेज़ रफ्तार है.

Rain in Delhi
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 16 जून 2025,
  • अपडेटेड 11:52 AM IST

शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात को दिल्ली में तेज आंधी और हल्की बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस सीजन की सबसे तेज़ हवाएं 104 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं, जो कि 2018 के बाद से दूसरी सबसे तेज़ रफ्तार है.

तापमान में गिरावट
रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था और शनिवार के 41.8 डिग्री सेल्सियस से काफी नीचे था. वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से आठ डिग्री कम और जून महीने का सबसे कम तापमान है. इससे पहले जून 2021 में 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा था. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान जताया है. 

तूफानी हवाएं और बारिश से नुकसान
तेज हवाओं और बारिश के चलते दिल्ली में कई जगह बिजली गुल हो गई और पेड़ उखड़ गए. IMD के एक अधिकारी ने बताया कि इस मौसम प्रणाली के दौरान दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हुई. सफदरजंग में रविवार को ओले भी गिरे. दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में 50 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं और विजिबिलिटी रात 2 बजे के करीब 4000 मीटर से घटकर 3 बजे के आसपास 1500 मीटर रह गई, जो धूल उड़ने की वजह से हुआ.

तापमान में भी तेजी से गिरावट आई- रात 2:30 बजे 35°C से गिरकर 4:30 बजे 27°C हो गया. सफदरजंग वेदर स्टेशन ने रात 3:48 से 3:50 बजे के बीच 84 किमी/घंटा और 3:58 से 4:00 बजे के बीच 104 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की पुष्टि की. इससे पहले इस सीजन की सबसे तेज हवा 1 जून को 96 किमी/घंटा दर्ज की गई थी.

बारिश के आंकड़े

  • सफदरजंग: 42 मिमी
  • पालम: 15.3 मिमी
  • लोधी रोड: 44.2 मिमी
  • रिज: 8 मिमी
  • आयानगर: 7.8 मिमी
  • राजघाट: 16.1 मिमी
  • पुसा: 29 मिमी

हालांकि, दिन में आगे कोई बारिश नहीं हुई. इस बारिश के साथ, जून में अब तक दिल्ली में 58.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि इस महीने की सामान्य औसत 74.1 मिमी होती है. आमतौर पर 27 जून तक दिल्ली में मानसून पहुंचता है. 

अभी और बारिश की संभावना
IMD के अधिकारी ने बताया कि दोपहर से पहले एक और वेदर सिस्टम बना थी, लेकिन वह हरियाणा में ही समाप्त हो गया और दिल्ली तक नहीं पहुंचा, वरना और बारिश होता. अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की गर्जना और बारिश जारी रहने की संभावना है. हालांकि, तापमान में गिरावट आई, लेकिन नमी का स्तर अधिक बना रहाय रविवार दोपहर 2:30 बजे तापमान 33.6°C था, लेकिन 65% ह्यूमिडिटी के कारण दिल्ली का "हीट इंडेक्स" यानी महसूस होने वाला तापमान 43.2°C तक पहुंच गया.

आने वाले सप्ताह में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह के लिए "पीला अलर्ट (Yellow Alert)" जारी किया है, जिसमें बुधवार तक हल्की से मध्यम बारिश और 60 किमी/घंटा तक की हवाओं की चेतावनी दी गई है. गुरुवार से शनिवार के बीच भी हल्की बारिश और बिखरे हुए इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि इस अवधि के लिए कोई कलर-कोडेड अलर्ट जारी नहीं की गई.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement