Advertisement

होली के आसपास मैदानों में चढ़ेगा पारा, पहाड़ों में हो सकती है बर्फबारी

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. जबकि 27 फरवरी से लेकर 5 मार्च तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊँचे इलाकों में हल्की फुल्की बर्फबारी की संभावना है.

Weather Updates
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:44 PM IST

क्या बसंत बीतने से पहले ही गर्मियों का आगमन हो गया है? उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में सूरज की तपिश अभी से आगामी गर्मी का ट्रेलर दिखा रही है. मौसम विभाग द्वारा जताए गए पूर्वानुमान की मानें तो फरवरी का आखिरी सप्ताह काफी गर्म रखने की संभावना है.

राजस्थान में तापमान पहुंच सकता है 38 डिग्री सेल्सियस-
राजस्थान में तापमान 38 डिग्री तक पहुँच सकता है तो दिल्ली और NCR में 32 से 34 डिग्री तक तापमान पहुँचने के आसार हैं. अभी से ही मार्च के अंत जैसी गर्मी महसूस होने लगी है. मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. ऐसे में मौजूदा अधिकतम तापमान जो 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच रहा है, उसमें सामान्य से बढ़ोतरी होने पर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है यानी फरवरी बेहद गर्म होने वाली है. 

पहाड़ों में हल्की बर्फबारी संभव-
पहाड़ी इलाकों के लिए फिलहाल एक अच्छी खबर है, क्योंकि पश्चिम हिमालय क्षेत्र में 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. जिसके चलते हल्की बर्फबारी ऊँचे इलाकों में तो पहाड़ों के निचले इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है. 

कश्मीर में भी फरवरी के महीने में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है. ऐसे में बर्फ से ढके पहाड़ों की सफेदी कम हो सकती है. लेकिन 27 फरवरी और 2 मार्च से सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी का दौर एक बार लौट सकता है, हालाँकि इसकी तीव्रता इस बार बेहद कमजोर है. 

27 फरवरी से लेकर 5 मार्च तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊँचे इलाकों में हल्की फुल्की बर्फबारी की संभावना जतायी गई है. 

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान-
बात अगर उत्तर पश्चिम भारत और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के करें तो अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जतायी गई है, जबकि सप्ताह के अंत तक इन इलाकों में तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. सिर्फ 3 ही नहीं, गर्मी का असर रातों में भी देखने को मिल रहा है.

दिल्ली NCR में ज्यादातर घरों में शाम को अब पंखा चलाने की नौबत आ गई है तो मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी कह रहा है कि अगले 4 दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में रात्रि के समय भी अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बदलाव हो सकता है. 

दिल्ली और NCR की अगर बात करें तो 24 तारीख से अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुँच सकता है जो कि सामान्य 3 डिग्री से भी ज्यादा है. 

उसके बाद सप्ताह का अंत आते आते तापमान में सामान्य से 5 डिग्री से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हो सकती है. जिसके चलते फरवरी का आखिरी सप्ताह बेहद गर्म साबित हो सकता है. जिसका अनुभव आमतौर पर मार्च के दूसरे सप्ताह के बाद ही महसूस होता है.

(आशुतोष मिश्रा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement