आगरा के ताजमहल पर उत्तर प्रदेश पुलिस की संवेदनशील और फ्रेंडली पुलिसिंग की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. ताज सुरक्षा पुलिस की एक महिला आरक्षी ने विदेशी महिला पर्यटक की उस समय मदद की, जब भारतीय परिधान साड़ी संभालने में उसे परेशानी हो रही थी. महिला पुलिसकर्मी की मदद से प्रभावित पर्यटक ने 'थैंक्स यूपी पुलिस' कहकर आभार जताया और उनके साथ तस्वीर भी खिंचवाई.
आगरा में ताजमहल पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस एक बार फिर अपनी सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के चलते चर्चा में है. सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी के नेतृत्व में पुलिसकर्मी 'अतिथि देवो भव:' और 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की हरसंभव सहायता कर रहे हैं.
मंगलवार सुबह करीब सात बजे अर्जेंटीना से आए पर्यटकों का एक दल ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर पहुंचा. समूह में शामिल एक विदेशी महिला भारतीय परिधान साड़ी पहनकर आई थी, लेकिन साड़ी संभालने की जानकारी न होने के कारण वह असहज हो गई.
महिला पर्यटक की परेशानी को देखते ही ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम में तैनात महिला आरक्षी गुड्डी देवी तुरंत उसके पास पहुंचीं और बड़े ही सम्मान और आत्मीयता के साथ उसकी साड़ी ठीक कर उसे सहज महसूस कराया. उत्तर प्रदेश पुलिस की इस संवेदनशील पहल से विदेशी महिला पर्यटक बेहद खुश हुई. उसने मुस्कुराते हुए 'थैंक्स यूपी पुलिस' कहा और महिला आरक्षी गुड्डी देवी के साथ फोटो भी खिंचवाई.
ताज सुरक्षा पुलिस का कहना है कि 'सेवा, सुरक्षा और संवेदना' की भावना के साथ पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. यही वजह है कि ताजमहल आने वाले देशी-विदेशी पर्यटक यूपी पुलिस की फ्रेंडली कार्यशैली की सराहना करते हैं. इस मौके पर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरन पाल सिंह, आरक्षी दुर्गेश कुमार और महिला आरक्षी गुड्डी देवी मौजूद रहे.