करवा चौथ के दिन जहां महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के मथुरा में इसी दिन एक परिवार के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला सड़क पर आ गया. पति को शक था कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति से मिलने गई है. तलाश करते हुए वह मौके पर पहुंचा तो पत्नी कथित प्रेमी के साथ मिल गई. इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया. देखते ही देखते परिवार की महिलाएं आपस में भिड़ गईं और उनके बीच जमकर मारपीट हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पति-पत्नी को थाने ले गई.
15 साल पहले हुई थी शादी, चार बच्चे भी हैं
मामला मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी का है. जानकारी के मुताबिक, छटीकरा निवासी मनोज की शादी करीब 15 साल पहले धौलपुर निवासी अंजू से हुई थी. दोनों के चार बच्चे हैं. मनोज का आरोप है कि उसकी पत्नी अंजू का गांव के ही रहने वाले संजय उर्फ गीतम से प्रेम प्रसंग चल रहा है. उसका कहना है कि इस रिश्ते को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है. इसके बावजूद पत्नी कथित प्रेमी से मिलती रही.
करवा चौथ पर मिलने पहुंची थी अंजू, पति भी पहुंच गया
आरोप है कि करवा चौथ के दिन अंजू अपने कथित प्रेमी संजय से मिलने बसंत विहार कॉलोनी पहुंची थी. इसकी जानकारी मनोज और उसके परिजनों को हो गई. इसके बाद मनोज अपने परिवार के लोगों के साथ मौके पर पहुंच गया. वहां पत्नी को संजय के साथ देखकर उसने विरोध किया. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार की महिलाएं भी आमने-सामने आ गईं.
देवरानी-जेठानी के बीच हुई मारपीट, VIDEO वायरल
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, विवाद के दौरान परिवार की महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई. बताया जा रहा है कि यह झगड़ा देवरानी और जेठानी के बीच हुआ था. वायरल वीडियो में महिलाएं एक-दूसरे से मारपीट करती दिखाई दे रही हैं. आसपास मौजूद लोग उन्हें रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं.
पुलिस को देखकर भागा कथित प्रेमी
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस को आता देखकर संजय उर्फ गीतम वहां से फरार हो गया. दूसरी ओर, पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता देख पुलिस दोनों को थाने ले आई. मनोज का आरोप है कि उसकी पत्नी चार बच्चों को छोड़कर प्रेमी से मिलने पहुंची थी.
ये भी पढ़ें: