ग्वालियर के डबरा में शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं और पुरुषों ने जमकर हंगामा किया. पिछोर तिराहे पर स्थित शराब दुकान के बाहर महिलाएं सड़क पर उतर आईं और दुकान को तत्काल हटाने की मांग करने लगीं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब की वजह से घरों में आए दिन विवाद होते हैं, परिवार उजड़ रहे हैं और कई नौजवानों की जान तक जा चुकी है. करीब कई घंटे चले इस हंगामे को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा. ग्वालियर से एडिशनल एसपी जयराज कुबेर भी रिजर्व पुलिस बल के साथ डबरा पहुंचे.
महिलाएं और पुरुष शराब दुकान के बाहर बैठे
सड़क पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को सड़क से हटाकर एक तरफ किया. लेकिन इसके बाद भी विरोध थमा नहीं. महिलाएं और पुरुष शराब दुकान के बाहर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए दुकान हटाने की मांग करने लगे. हंगामे की सूचना पर एसडीएम नवकिरण कौर, एसडीओपी सौरभ कुमार, सर्कल के थाना प्रभारी और आबकारी विभाग का अमला भी मौके पर पहुंच गया.
महिलाओं ने की तत्काल शराब की दुकान हटाने की मांग
अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं की मांग साफ थी शराब दुकान को तत्काल यहां से हटाया जाए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब की वजह से उनके घरों में विवाद बढ़ रहे हैं. महिलाओं का आरोप है कि पुरुष शराब पीते हैं और अब बच्चे भी शराब की तरफ बढ़ रहे हैं.
शराब की दुकान की जगह बने मंदिर
उनका कहना है कि परिवार की कमाई घर की जरूरतों पर खर्च होने के बजाय शराब में जा रही है. महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराब की वजह से कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं और कई नौजवानों की मौत हुई है. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि शराब दुकान को हटाकर यहां मंदिर बनाया जाए. लगातार बढ़ते हंगामे और भीड़ को देखते हुए ग्वालियर से एडिशनल एसपी जयराज कुबेर भी रिजर्व पुलिस बल के साथ डबरा पहुंचे.
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की. प्रशासन का कहना है कि महिलाओं को कुछ समय दिया जाए, ताकि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जा सके. हालांकि प्रदर्शनकारी तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. महिलाओं का कहना है कि जब तक शराब दुकान हटाने को लेकर ठोस फैसला नहीं होता, उनका विरोध जारी रहेगा. फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रहा है.
ये भी पढ़ें: