Advertisement

UP: सभी गरीब बुजुर्गों को पेंशन देगी योगी सरकार, CM बोले- नौजवानों को मिलेगा रोजगार, अधिकारियों को दिए ये आदेश

Old Age Pension In UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सूबे के सभी पात्र गरीब बुजुर्गों को पेंशन देंगे. नौजवानों को रोजगार देंगे, किसानों को उसकी उपज की गारंटी देंगे. प्रदेश में हम हर गरीब-वंचित को शासन की योजना के साथ जोड़ने का कार्य करेंगे.

CM Yogi Adityanath ( file photo)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 16 दिसंबर 2023,
  • अपडेटेड 7:06 PM IST
  • पेंशन के रूप में दिए जाएंगे 1000 रुपए 
  • 60 साल से ऊपर के 56 लाख बुजुर्गों को लाभ

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के गरीब बुजुर्गों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उनकी सरकार सभी पात्र गरीब बुजुर्गों को पेंशन देगी. सीएम योगी ने शनिवार को पेंशन का ऐलान करते हुए कई अन्य योजनाओं का ब्योरा भी दिया. उन्होंने कहा- सबसे बड़ी जाति गरीब है, उनकी सुनवाई जरूरी है. हम उन्हें हर सरकारी योजना का लाभ दिलवाएंगे.

इतनी मिलेगी पेंशन
इस बाबत सभी जिला समाज कल्याण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. सभी पात्र बुजुर्ग ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही जो लोग किसी भी वजह से आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, उनके घर जाकर समाज कल्याण के कर्मचारी पेंशन लेने के लिए जागरूक करेंगे. इस योजना के तहत 60 साल से ऊपर के 56 लाख वृद्धों को लाभ देने का लक्ष्य है. पेंशन के रूप में 1000 रुपए दिए जाएंगे.

वृद्धों को चिह्नित करने का निर्देश
वर्तमान में 52.77 लाख वृद्धों को पेंशन दी जा रही है. इस योजना में गरीबी रेखा से नीचे जो वृद्धि जीवनयापन कर रहे हैं, उन्हें सरकार आर्थिक सहायता देगी. शासन ने विभागीय अधिकारियों को विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर के माध्यम से वृद्धों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है. तय लक्ष्य से ज्यादा पात्र गरीब वृद्ध अगर मिलते हैं तो उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा.

किसान को उपज की गारंटी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, हम नौजवान को रोजगार देंगे, हम किसान को उसकी उपज की गारंटी देंगे. हम हर हस्तशिल्पी की कला का सम्मान करेंगे. मुख्यमंत्री बोले कि प्रदेश में हम हर गरीब-वंचित को शासन की योजना के साथ जोड़ने का कार्य करेंगे, हर व्यापारी को सुरक्षा की गारंटी देंगे, हर बहन-बेटी को सुरक्षा की गारंटी भी देंगे. सुरक्षा और सुशासन से ही समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा.

भाजपा सरकार में है खुशहाली का माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पीएम आवास योजना के तहत अपना आवास एवं पीएम आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख के स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा कवर की कल्पना वास्तविक धरातल पर उतरती हुई दिखाई दे रही है. इतना ही नहीं, भाजपा सरकार में खुशहाली का माहौल है, घर के पास ही रोजगार मिल रहा है.

राज्य में विकास कार्यों को तय समय पर किया जाए खत्म
सीएम योगी ने सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिवों को निर्देश दिया कि वो निर्माणाधीन परियोजनाओं की पाक्षिक समीक्षा करें. यदि काम में देरी से लागत बढ़ती है तो परियोजनाओं के लिए बजट का पुनरीक्षण नहीं होगा. नए सत्र से अपने ही परिसर से अलीगढ़, सहारनपुर और आजमगढ़ के राज्य विश्वविद्यालय संचालित होंगे. 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनहित से संबंधित निर्माण परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने को लेकर निर्देश जारी किया गया है. साथ ही विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों संग हुई बैठक में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स की समयबद्धता और गुणवत्ता की समीक्षा करने को कहा गया है, जिससे किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. परियोजनाओं में अनिवार्य रूप से इसका पालन होना चाहिए.

राज्य में एक साथ 13 मेडिकल कॉलेजों का होगा उद्घाटन 
सीएम योगी ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि राज्य में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाएं अगर तय समय पर पूरी नहीं हुईं तो इसपर पेनाल्टी का भुगतान करना होगा. अगर पेनाल्टी तीन बार से अधिक लगी तो ठेका लेने वाली फर्म को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा. सीएम योगी ने निर्देश दिया कि राज्य में एक साथ 13 मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन किया जाएगा. सीएम योगी ने निर्देश दिया कि आगामी सत्र से 13 नए मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस पाठ्यक्रमों में एडमिशन की प्रक्रिा शुरू हो, इसके लिए तैयारी पूरी हो जानी चाहिए.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement