स्वच्छ भारत मिशन 2 में उत्तर प्रदेश में अकेले 48.99 लाख शौचालयों का निर्माण कराया गया है. स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों में सिर्फ शौचालय उपलब्ध कराने तक ही काम सीमित नहीं है, बल्कि साफ-सफाई, स्वच्छता और बेहतर बुनियादी सुविधाओं पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है. मुरादाबाद के डिडौरी और मंगूपुरा गांव में इसका असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी में दिखाई दे रहा है. कहीं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई हो रही है तो कहीं पक्की सड़कों ने गांव से खेतों तक आने-जाने की मुश्किल आसान कर दी है.