केरल के हरिप्पाड में एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. आरोप है कि 13 साल की एक नाबालिग लड़की ने अपने 67 वर्षीय रिश्तेदार शिवनकुट्टी की हत्या की साजिश रची. हत्या का मकसद घर में रखे सोने के गहने चोरी करना था. पुलिस ने मामले में 13 साल की लड़की समेत चार नाबालिगों को पकड़ा है. इनमें तीन आरोपी 17 साल के लड़के बताए जा रहे हैं.
घर में अकेले थे बुजुर्ग, हाथ-पैर बांधकर गला कसा
शिवनकुट्टी केरल के करुवट्टा इलाके में किराए के मकान में रहते थे. घटना के समय वे घर में अकेले थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घर में घुसकर उन पर हमला किया. बुजुर्ग के हाथ-पैर बंधे मिले, जबकि उनके गले में कपड़ा कसकर बांधा गया था. इससे दम घुटने के कारण उनकी मौत होने की आशंका जताई गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल की जांच की गई. शुरुआती जांच में पुलिस को लगा कि हत्या लूट की कोशिश के दौरान हुई होगी.
13 साल की लड़की पर साजिश रचने का आरोप
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस का शक आरोपियों तक पहुंचा. पुलिस के अनुसार, 13 साल की लड़की इस पूरी साजिश की मुख्य कड़ी थी. वह मृतक की रिश्तेदार बताई जा रही है. आरोप है कि उसने दूसरे नाबालिगों को बुजुर्ग के घर और वहां मौजूद सामान की जानकारी दी. पुलिस का कहना है कि लड़की ने आरोपियों को लोकेशन और घर से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी. इसके बाद बाकी आरोपियों ने कथित तौर पर घर में पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया.
हत्या के बाद वीडियो कॉल पर दिखाया शव
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि हत्या के बाद आरोपियों ने लड़की को वीडियो कॉल किया. पुलिस के मुताबिक, वीडियो कॉल के दौरान आरोपियों ने उसे बुजुर्ग का शव भी दिखाया. जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी घर से सोने के आभूषण लेकर फरार हुए थे. पुलिस को शक है कि इन गहनों को बेचकर मिलने वाले पैसों से महंगी चीजें खरीदने की योजना थी.
सोना बेचकर महंगे सामान खरीदने का था प्लान
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की योजना चोरी किए गए सोने को बेचने की थी. इसके बाद मिलने वाली रकम से लड़की और दूसरे आरोपियों के लिए कुछ महंगी चीजें खरीदने की बात सामने आई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए गहने कहां हैं और इस साजिश में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं. पुलिस ने सभी नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है. घटना ने इलाके के लोगों को भी हैरान कर दिया है.
ये भी पढ़ें: