सोशल मीडिया के जरिए हनीट्रैप के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. ऐसा ही एक मामला गुजरात के भावनगर से सामने आया है. यहां पर एक व्यापारी को सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती करने भारी पड़ी और 3 लाख रुपए गंवाने पड़े. पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
व्यापारी को भेजी थी फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट
भावनगर के एक व्यापारी से फेसबुक पर दोस्ती कर उसे सारंगपुर दर्शन के लिए ले जाने के बाद, नकली क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर एनकाउंटर की धमकी देकर 3.05 लाख रुपए एंठने के मामले में बोरतलाव पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था. इस मामले में भावनगर लोकल क्राइम ब्रांच ने जांच करते हुए फुलसर से विलास पुराणी और सूरत के घनश्याम उर्फ श्याम और राजेश को कार के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि महिला ने व्यापारी को फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी और सारंगपुर दर्शन के लिए जाने के लिए राजी किया था. दर्शन करके लौटते समय आरोपियों ने काले रंग की कार में आकर व्यापारी की कार को रोका. उन्होंने खुद को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच का स्टाफ बताया और व्यापारी पर ड्रग्स और गांजे के घोटाले में शामिल होने तथा एक लड़की को भगा ले जाने का झूठा आरोप लगाया.
एनकाउंटर करने की दी धमकी
आरोपियों ने एनकाउंटर करने की धमकी देकर शुरुआत में 7 से 8 लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन अंत में घबराए हुए व्यापारी से जबरन 3.05 लाख रुपये एंठ लिए. पूरे मामले की जांच के दौरान भावनगर क्राइम ब्रांच ने फुलसर के स्वामी नारायण मंदिर के पीछे से घनश्याम उर्फ श्याम लाठिया, राजेश कथरोटिया और एक स्थानीय महिला को कार के साथ हिरासत में लिया.
पहले भी दर्ज हो चुकी है हनीट्रैप की शिकायत
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने एक व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर पैसे एंठे थे. पकड़े गए आरोपी घनश्याम उर्फ श्याम धीरूभाई लाठिया के खिलाफ बगदाना, सूरत, अहमदाबाद ग्रामीण, आणंद-तारापुर और अमरेली में, राजेश भीखाभाई काथरोटिया के खिलाफ सूरत और अमरेली में कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. इसके अलावा, क्राइम ब्रांच ने बताया कि पकड़ी गई महिला के खिलाफ दाठा पुलिस स्टेशन में पहले भी हनीट्रैप की शिकायत दर्ज हो चुकी है. यह महिला और उसका पूरा गिरोह पहले भी कई लोगों को हनीट्रैप में फंसा चुका है. पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए बोरतलाव पुलिस स्टेशन को सौंप दिया है. पुलिस ने इस अपराध में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों रमेश उर्फ कानो सागरका और निकुंज सोलंकी को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है.