Advertisement

वैक्सीन की पर्याप्त आपूर्ति के बावजूद कोरोना महामारी का केंद्र बन रहा यूरोप, WHO ने चेताया, फरवरी तक 5 लाख लोग गंवा सकते हैं जान!

यूरोप में COVID-19  के मामले लगातार पांचवें हफ्ते बढ़े हैं, जिससे यह दुनिया का एकमात्र ऐसा क्षेत्र बन गया है जहां COVID-19 अभी भी बढ़ रहा है. संक्रमण दर यूरोप में अब तक सबसे ज्यादा है जिसमें 100,000 लोगों पर 192 नए मामले सामने आए.

gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 05 नवंबर 2021,
  • अपडेटेड 2:39 PM IST
  • यूरोप में पिछले महीने कोरोनोवायरस के मामलों में 50 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोत्तरी.
  • एक हफ्ते में 18 लाख के करीब लोग संक्रमित.

दुनियाभर में तबाही मचाने वाला कोरोनावायरस एक बार फिर यूरोप में अपना कहर बरसा रहा है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के शीर्ष अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि यूरोप में पिछले महीने कोरोनोवायरस के मामलों में 50 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोत्तरी देखी गयी.  जिससे टीकों की पर्याप्त आपूर्ति के बावजूद यह महामारी का केंद्र बन गया है. WHO के आपात स्थिति के प्रमुख डॉ माइकल रेयान ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेन्स के दौरान कहा कि टीके तो बहुत सारे उपलब्ध रहे हैं, लेकिन टीके का उपयोग समान नहीं रहा है. "

डॉ माइकल रेयान ने यूरोपीय अधिकारियों से टीकाकरण में अंतर को कम करने को कहा. हालांकि, WHO के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेबियस ने कहा कि जिन देशों ने अपनी 40 प्रतिशत से ज्यादा आबादी का टीकाकरण कर लिया है, उन्हें कुछ डोज विकासशील देशों को दान करना चाहिए. खासकर उन्हें  जिन्होंने अभी तक अपने नागरिकों को पहली डोज भी नहीं दी है. इससे पहले गुरुवार को WHO के 53 देशों के यूरोप क्षेत्र के निदेशक डॉ. हैंस क्लूज ने कहा कि बढ़ते COVID-19 मामलों की संख्या गंभीर चिंता का मुद्दा है.  क्लूज ने कहा, "यूरोप महामारी के केंद्र में वापस आ गया है, जहां हम एक साल पहले थे."

एक हफ्ते में 18 लाख लोग संक्रमित

उन्होंने चेतावनी दी कि पिछले सप्ताह में कोरोनो से संक्रमित मरीजों के अस्पताल में भर्ती होने की दर दोगुनी से ज्यादा हो गई है.  उन्होंने ये भी कहा कि इस आधार पर, इस क्षेत्र में फरवरी तक 5 लाख और  मौतें महामारी से हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि वायरस के प्रसार को रोकने वाले उपायों और कुछ क्षेत्रों में टीकाकरण की कम दर बताती है कि मामले क्यों बढ़ रहे हैं.

 WHO का कहना है कि इस क्षेत्र में एक हफ्ते में 18 लाख के करीब लोग संक्रमित हुए हैं. पिछले हफ्ते से इसमें लगभग छह फीसदी का इजाफा हुआ है. वहीं, इस दौरान 24 हजार लोगों ने जान गंवाई है.  वीकली डेथ में 12 फीसदी का इजाफा हुआ है. क्लूज ने कहा कि इस क्षेत्र के देश "टीकाकरण रोलआउट के अलग-अलग चरणों" में थे और इस क्षेत्र में औसतन 47% लोगों को पूरी तरह से टीका लगाया गया था.  केवल आठ देशों की 70% आबादी ने पूरी तरह से टीकाकरण किया था. 

लगातार पांचवें हफ्ते बढ़े मामले

यूरोप में COVID-19  के मामले लगातार पांचवें हफ्ते बढ़े हैं, जिससे यह दुनिया का एकमात्र ऐसा क्षेत्र बन गया है जहां COVID-19 अभी भी बढ़ रहा है. संक्रमण दर यूरोप में अब तक सबसे ज्यादा है जिसमें 100,000 लोगों पर 192 नए मामले सामने आए. स्वीडन के वैज्ञानिक एंडर्स टेगनेल ने गुरुवार को कहा कि महामारी की एक और लहर सामने है और यह पूरी तरह से यूरोप में केंद्रित है. मध्य और पूर्वी यूरोप के कई देशों में हाल में दैनिक मामलों की संख्या में बढ़ोत्तरी देखी गयी है. 

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement