गुजरात के अहमदाबाद में एक 34 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का आरोप है कि शादी के बाद से उसे लगातार परेशान किया गया. उसने शिकायत में कहा है कि स्त्री रोग विशेषज्ञ ने स्वास्थ्य कारणों से कुछ समय तक शारीरिक संबंध न बनाने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद पति ने जबरन संबंध बनाए. महिला का दावा है कि इससे उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसका गर्भाशय निकलवाना पड़ा.
शादी के बाद से मारपीट और धमकाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला की शादी वर्ष 2011 में राजकोट के एक युवक से हुई थी. शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर उसे डराते-धमकाते थे. उनका कहना था कि शिकायत करने पर भी उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा और परेशानी उसी को उठानी पड़ेगी. महिला का आरोप है कि पति अक्सर उसके साथ झगड़ा करता था और मारपीट करता था. शिकायत के मुताबिक, एक बार पति ने लाठी से उसकी पिटाई की, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई और उसे लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ी.
मायके वालों से मिलने-जुलने से भी रोका
महिला ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद उसे मायके वालों से मिलने-जुलने से भी रोका गया. यहां तक कि उसे अपने भाई की शादी में जाने की अनुमति भी नहीं दी गई. शिकायत में महिला ने कहा है कि एक स्त्री रोग विशेषज्ञ ने स्वास्थ्य कारणों से कुछ समय तक शारीरिक संबंध न बनाने की सलाह दी थी. इसके बावजूद पति ने जबरन संबंध बनाए. महिला का आरोप है कि इससे उसके गर्भाशय को गंभीर नुकसान पहुंचा और बाद में उसे गर्भाशय निकलवाना पड़ा.
मोबाइल से झूठे सबूत बनाने की कोशिश का भी आरोप
महिला का आरोप है कि उसका पति उस पर लगातार शक करता था. वह रात में महिला के सो जाने के बाद उसके मोबाइल से अनजान लोगों को संदेश भेजकर उसके खिलाफ झूठे सबूत तैयार करने की कोशिश करता था. शिकायत के अनुसार, पति उसे चरित्रहीन और पागल साबित करने की धमकी भी देता था. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी मां की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में जाने से रोकने के लिए पति ने उसके भाई को भी धमकाया.
घर से निकाला, पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के मुताबिक, प्रताड़ना के दौरान एक बार पति ने महिला को कमरे में बंद कर दिया था. इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या करने का प्रयास भी किया. बाद में पति ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद उसने ग्रामीण महिला पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2017 में महिला कथित प्रताड़ना के कारण अपने बच्चों के साथ अडालज में रहने चली गई थी. इसके बाद भी पति का कथित उत्पीड़न जारी रहा. फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
ये भी पढ़ें: