Advertisement

घरवालों को लूट कर भागी पहली दुल्हन, तलाकशुदा निकली दूसरी दुल्हन... शादी के नाम पर ठगी का खेल

राजस्थान के अलवर में शादी के नाम पर एक युवक से 10 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है. एक शख्स ने युवक की पहली शादी कराई तो पत्नी दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर घर को लूट लिया और फरार हो गई. इसके बाद शख्स ने दूसरी शादी कराई, लेकिन वो दुल्हन तलाकशुदा निकली. कुछ दिनों बाद वो भी घर से चली गई और अब पैसे मांग रही है.

Alwar News
gnttv.com
  • अलवर,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:33 PM IST

राजस्थान के अलवर में शादी कराने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है. कुछ लोगों ने युवक की दो शादियां करवाई. पहली शादी के बाद पत्नी जेवरात, पैसे व कपड़े लेकर फरार हो गई. युवक उन लोगों के पास पहुंचा, तो उन्होंने पैसे लेकर दूसरी शादी करवा दी. दूसरी शादी के बाद दुल्हन बनाकर जो महिला घर में आई, वो तलाकशुदा निकली. कुछ दिन बाद वो भी घर छोड़कर चली गई. अब वापस आने के लिए पैसों की डिमांड कर रही है. साथ ही रिश्ता तोड़ने की धमकी दे रही है. परेशान युवक पुलिस के पास पहुंचा और मामले के लिखित शिकायत दी. पुलिस सब मामले की जांच पड़ताल में जुड़ी है.

पैसे लेकर कराई पहली शादी-
अलवर शहर के प्रेम नगर मेहताब सिंह का नोहरा निवासी अजय शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही थी. उसकी पहचान माचाड़ी निवासी बंटी से हुई थी. जून 2025 में बंटी ने उसकी मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई थी. आरोप है कि दोनों ने एक युवती की फोटो दिखाकर कहा कि लड़की मध्य प्रदेश की रहने वाली है और उसके पिता गंभीर रूप से बीमार हैं. शादी कराने के बदले इलाज और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 3 लाख रुपए मांगे गए. पीड़ित ने शुरुआत में 30 हजार रुपए नकद दिए. इसके बाद 12 जनवरी 2026 को मध्य प्रदेश निवासी निशा को उसके कथित भाई, मौसा और मौसी के साथ अलवर लाया गया. उसी दिन टेल्को चौराहे के पास करीब 2.30 लाख रुपए नकद मनोहर उर्फ पप्पी को सौंपे गए. अजय शर्मा ने बताया कि युवती करीब पांच दिन तक उसके जीजा और बहन के घर पर रही थी. इस दौरान परिवार ने उसके लिए करीब 60 हजार रुपए के कपड़े, लहंगा, साड़ी, मंगलसूत्र, बिछिया, मेकअप और अन्य सामान खरीदा था. इसके बाद दोनों की शादी हिंदू रीति रिवाज से हुई. 

नशीला दूध पिलाकर फरार हो गई दुल्हन-
17 जनवरी 2026 की रात युवती ने परिवार के लोगों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. सुबह जब परिवार की आंख खुली तो युवती घर से गायब थी. घर से करीब 3 लाख रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी गायब था. युवती के साथ आए कथित रिश्तेदार भी फरार मिले. 

फिर दूसरी लड़की से कराई शादी-
पीड़ित ने जब इसकी शिकायत बंटी और मनोहर से की, तो उन्होंने दूसरी युवती से शादी करने की बात कही. कुछ दिन बाद आरती से शादी कराने का प्रस्ताव दिया. आरोपियों ने बताया कि युवती तलाकशुदा है और फिलहाल माचाड़ी-राजगढ़ क्षेत्र में रह रही है. 23 जनवरी 2026 को आरती अपने भाई राम, तन्मय, मां और दोस्त छगन समेत अन्य लोगों के साथ अलवर पहुंची, जहां अजय शर्मा के साथ उसकी शादी कराई गई. शादी के लिए काशीराम चौराहे स्थित धर्मशाला बुक करवाई गई और 300 से 400 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई. पूरे धूमधाम से शादी की सभी रस्म हुई. परिवादी के अनुसार इस दौरान भी आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से रुपए लिए. पहले किराया और खर्च के नाम पर 10 हजार रुपए लिए गए, फिर ब्यूटी पार्लर ले जाने के नाम पर और 10 हजार रुपए मांगे गए.

दूसरी पत्नी निकली तलाकशुदा-
अजय शर्मा के वकील गोविन्द सिद्ध ने बताया कि शादी के बाद आरती कुछ दिन तक अजय के साथ रही, लेकिन 26 जनवरी 2026 को भतीजे के जन्मदिन का बहाना बनाकर 4 हजार रुपए लेकर मायके चली गई और वापस आने से इनकार कर दिया. परिवार जब उसे लेने पहुंचा तो आरोपियों ने और पैसे मांगने शुरू कर दिए. साथ ही रुपए नहीं देने पर रिश्ता तुड़वाने की धमकी दी गई. शिवरात्रि पर भी बड़ी मुश्किल से आरती ससुराल आई और फिर वापस चली गई. इसके बाद उसने आने से साफ इनकार कर दिया. परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उससे करीब 3.60 लाख रुपए नकद ले लिए, जबकि शादी समारोह और अन्य व्यवस्थाओं में करीब 6.50 लाख रुपए खर्च करवा दिए. इस तरह पूरे घटनाक्रम में उसे 10 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी हुई. इस पर परेशान अजय ने मामले की सूचना पुलिस को दी.

10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज-
कोतवाली थाना पुलिस ने युवती सहित 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है. घटना के बाद से आरोपी फरार है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबी दे रही हैं. अजय ने पुलिस को बताया कि आरोपी गिरोह बनाकर काम करते हैं और जिन लोगों की युवाओं की शादी देरी से होती है या नहीं हो पाती है. उनकी शादी करने के नाम पर उनसे लाखों रुपए की ठगी करते हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. 

(हिमांशु शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement