Advertisement

'बाहर निकला तो एनकाउंटर कर दोगे...', पुलिस को देखकर तालाब में कूदा आरोपी, फिर हो गया फरार, Video Viral

बिहार के बेतिया में एक अजीब मामला सामने आया. जब पुलिस एक एक आरोपी को पकड़ने के लिए गांव पहुंची तो वो तालाब में कूद गया. तालाब के चारों तरफ झाड़ियां थी. पुलिस बार-बार उसे बाहर आने के लिए कहती रही. लेकिन आरोपी कहता रहा कि अगर वो बाहर आएगा तो पुलिस उसका एनकाउंटर कर देगी. ये ड्रामा कई घंटे तक चला. इस दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.

Bagaha News
अभिषेक पाण्डेय
  • बगहा,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:16 PM IST

बिहार के बेतिया में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया. धोखाधड़ी के मामले का आरोपी पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए गहरे तालाब में कूद गया और घंटों तक पानी में छिपा रहा. इस दौरान बाहर खड़ी पुलिस उसे लगातार बाहर आने के लिए समझाती रही, लेकिन आरोपी बार-बार यही कहता रहा कि अगर वह बाहर निकला तो पुलिस उसका एनकाउंटर कर देगी.

धोखाधड़ी के मामले में पुलिस का एक्शन-
मामला योगापट्टी थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव का है. पुलिस के अनुसार, हाशिम अंसारी के खिलाफ योगापट्टी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. सूचना मिली थी कि वह मनुआपुल थाना क्षेत्र के गुरुवलिया कचहरी टोला के पास मौजूद है. सूचना के आधार पर योगापट्टी और मनुआपुल थाने की संयुक्त टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची.

'बाहर निकला तो एनकाउंटर कर दोगे...'
जब पुलिस की टीम गांव पहुंची तो हासिम अंसारी ने टीम को देखकर भागने लगा. लेकिन कुछ देर में ही उसको लगने लगा कि पुलिस उसे पकड़ लेगी. इसके बाद उसने पुलिस से खुद को बचाने के लिए एक तालाब में छलांग लगा दी. इसके बाद पुलिस भी हरकत में आई और पूरे तालाब को घेर लिया. तालाब के किनारे पेड़-पौधे और झाड़ियां थीं.

पुलिस लगातार आरोपी को बाहर निकलने के लिए कहती रही. लेकिन वो बाहर निकले को तैयार नहीं था. पुलिस ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की. लेकिन आरोपी पानी में ही खड़ा रहा और लगातार कहता रहा कि वह बाहर नहीं आएगा, क्योंकि उसे डर है कि पुलिस उसका एनकाउंटर कर देगी.

कई घंटे चला ड्रामा, फिर फरार हो गया आरोपी-
कई घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आरोपी ने तालाब की झाड़ियों और पानी का सहारा लेकर पुलिस को चकमा दे दिया. वह तैरते हुए दूसरी ओर निकल गया और फरार हो गया, पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा- पुलिस
एसडीपीओ रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि धोखाधड़ी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गई थी. पुलिस को देखते ही वह तालाब में कूद गया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement