Advertisement

Bagaha Crime News: ज्वेलर्स की दुकान से लाखों के गहने चोरी, ग्राहक बनकर आया युवक लॉकर से आभूषण लेकर फरार, ऐसे दिया वारदात को अंजाम

बेतिया में ज्वेलर्स की दुकान से लाखों के गहने चोरी करने का मामला सामने आया है. युवक ग्राहक बनकर आया था और आभूषण लेकर फरार हो गया. वह पिछले सात दिनों से बाइक से ज्वेलर्स की दुकान के आसपास घूम रहा था.  चोरी की घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है.

Theft at a jewellery shop
अभिषेक पाण्डेय
  • बेतिया,
  • 29 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:58 PM IST

बिहार के बेतिया जिले के नरकटियागंज में ज्वेलर्स की दुकान से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है. चीनी मिल रोड स्थित सरस्वती ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचे एक युवक पर लॉकर से गहने निकालकर फरार होने का आरोप है. दुकानदार के मुताबिक, संदिग्ध पिछले सात दिनों से बाइक से दुकान के आसपास घूम रहा था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है.

बातों में उलझाकर लॉकर से गहने निकालने का आरोप
दुकानदार बच्चा प्रसाद सोनी के अनुसार, बुधवार को एक युवक आभूषण देखने के बहाने दुकान पर पहुंचा. उसने दुकानदार से अलग-अलग गहने दिखाने को कहा. इसी दौरान दुकानदार घर से आभूषण लेने चले गए. आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर युवक ने लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए और मौके से फरार हो गया. दुकानदार ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर बिक्री के लिए लाखों रुपए के आभूषण दुकान में रखे गए थे. चोरी की घटना से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है. मामले की जानकारी मिलने के बाद दुकान के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई.

सात दिनों से दुकान के आसपास घूम रहा था संदिग्ध
दुकानदार के मुताबिक, संदिग्ध युवक बाइक से पिछले सात दिनों से दुकान के आसपास चक्कर लगा रहा था. वह बार-बार दुकान पर आता और आभूषण देखने के बहाने जानकारी जुटाता था. घटना के बाद युवक की गतिविधियों को लेकर भी जांच की जा रही है.

सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर शिकारपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर दारोगा विनोद कुमार को घटनास्थल पर भेजा गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध युवक की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. संदिग्ध की पहचान करने और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement