Advertisement

Baghpat Crime News: नीले ड्रम वाली मुस्कान से भी शातिर निकली बागपत की उर्मिला... प्रेमी से मरवा डाला पति को... WhatsApp पर लेती रही हत्या की लाइव अपडेट

बागपत की उर्मिला मेरठ की नीले ड्रम वाली मुस्कान से भी शातिर निकली. उर्मिला ने अपने पति का प्रेमी से न सिर्फ कत्ल करा डाला बल्कि उससे हत्या का Whatsapp पर अपडेट लेती रही. जब हत्या की जब पुष्टि हो गई, तो प्रेमी का नंबर ब्लॉक कर दिया. पत्नी ने पति को मारने के लिए खुद नींद की गोलियां लाकर दी थी. प्रेमी को CCTV से बचने की भी सलाह दी थी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी प्रेमी और उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया है.

बागपत की उर्मिला पर पति की हत्या कराने का आरोप.
मनुदेव उपाध्याय
  • बागपत,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:31 PM IST

पति के साथ सात फेरों का रिश्ता, लेकिन दिल में किसी और को बसाने की चाहत. प्रेमी के साथ देहरादून जाकर नई जिंदगी शुरू करने का सपना और उस सपने के रास्ते में खड़े अपने ही पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश की सनसनीखेज वारदात बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के कोताना गांव में सामने आया है. 18 अक्टूबर 2026 को गांव के रहने वाले करीब 50 वर्षीय प्रमोद उर्फ मोगली का शव उसके ही खेत में ट्यूबवेल के पास पड़ा मिला. 

और फिर घर वापस नहीं लौटा
प्रमोद घर से रामलीला देखने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने और बाद में शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की. शुरुआत में यह एक हत्या का मामला नजर आ रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई मृतक की पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर की तरफ घूम गई. 

पुलिस की जांच में असली कहानी आई सामने
पुलिस की जांच में जो कहानी सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. आरोप है कि प्रमोद की हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सिकंदर प्रमोद की दुकान किराए पर लेकर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था. इसी दौरान उसकी पहचान प्रमोद की पत्नी उर्मिला से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए. दोनों चोरी-छिपे होटलों में भी मिलते थे. इस बीच प्रमोद के बेटे को दोनों के संबंधों की जानकारी लग गई तो सिकंदर ने घर आना बंद कर दिया. हालांकि, दोनों ने फोन के जरिए संपर्क बनाए रखा और बातचीत जारी रही. 

प्रेमी संग रहने की चाहत में कराई पति की हत्या 
पुलिस पूछताछ के मुताबिक उर्मिला प्रेमी सिकंदर के साथ देहरादून जाकर रहने की इच्छा रखती थी. आरोप है कि इसी चाहत में दोनों ने प्रमोद को रास्ते से हटाने की योजना बना ली. पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को उर्मिला ने सिकंदर को अपने घेर पर बुलाया और उसे दो गोलियां दीं. आरोप है कि इन गोलियों को प्रमोद की शराब में मिलाकर उसे ज्यादा नशे में करने और फिर उसकी हत्या करने की योजना थी. प्रेमी सिकंदर ने प्रमोद को कोताना के प्राथमिक विद्यालय के पास शराब का एक क्वार्टर दिया और उसे अपने ट्यूबवेल पर जाने के लिए कहा. इसके बाद वह खुद चखना लेकर खेतों के रास्ते ट्यूबवेल की तरफ पहुंचा. उर्मिला ने सिकंदर को CCTV कैमरों से बचने के लिए सड़क के रास्ते न जाने की सलाह दी थी. इसी हिदायत के अनुसार वह खेतों के रास्ते ट्यूबवेल तक पहुंचा. वहां उसने प्रमोद की शराब में उर्मिला द्वारा दी गई गोलियां मिला दीं.

पत्नी हत्या की लेती रही जानकारी
इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू WhatsApp पर हुई बातचीत बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान सिकंदर लगातार उर्मिला के संपर्क में था. उर्मिला उससे घटना के बारे में पूछती रही और हत्या की स्थिति की जानकारी लेती रही. वहीं जब प्रमोद को नशा होने लगा तो सिकंदर ने उसे जमीन पर गिराने की कोशिश की. विरोध करने पर उसने शराब की खाली बोतल से प्रमोद के सिर पर तीन-चार वार किए. बोतल टूटने के बाद उसके आधे टूटे हिस्से से भी हमला किया गया. प्रमोद के बेहोश हो जाने के बाद सिकंदर उसे ट्यूबवेल से करीब 20-25 कदम दूर ईख के खेत में खींचकर ले गया. वहां उसकी मौत होने की पुष्टि करने के बाद आरोपी घटनास्थल से चला गया. हत्या के बाद सिकंदर रामलीला देखने चला गया. वहां पहुंचने पर उर्मिला का WhatsApp मैसेज आया, जिसमें उसने घटना के बारे में पूछा. सिकंदर ने हत्या को अंजाम देने की पुष्टि कर दी. इसके बाद उर्मिला ने सिकंदर को ब्लॉक करने और जरूरत पड़ने पर खुद फोन करने की बात कही. पुलिस के अनुसार, उर्मिला द्वारा संदेश डिलीट किए जाने से पहले सिकंदर ने कुछ WhatsApp मैसेज के स्क्रीनशॉट ले लिए थे. जांच में ये संदेश और अन्य साक्ष्य अहम कड़ी बने. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement