यूपी के बांदा में एक हैरान कर देने वाला अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपने पति और ससुरालियों की शिकायत लेकर एसपी के पास पहुंच गई. पीड़ित महिला का कहना है कि पति नशीली दवा खिलाकर आए दिन अप्राकृतिक संबंध बनाता है. मना करने पर मारपीट और शारीरिक रूप से प्रताड़ना देता है. इसके साथ ही अतिरिक्त दहेज में कार और मेडिकल स्टोर खोलने के लिए पैसे की डिमांड करता है, न देने पर उसने सबके सामने तीन तलाक दे दिया. पीड़िता की शिकायत पर एसपी ने उसे कार्रवाई का भरोसा दिया और महिला थाना प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए. जिस पर थाना में आरोपी पति समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओ में केस दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दहेज में कार और पैसे मांगने का आरोप
दरअसल, शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस से शिकायत के दौरान बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2025 में हुई थी. घरवालों ने अपनी हैसियत से ज्यादा दान-दहेज देकर विदा किया था. शादी के बाद ही ससुरालियों द्वारा कम दहेज को लेकर ताना देना शुरू कर दिया. अतिरिक दहेज में एक कार और मेडिकल स्टोर खोलने के लिए पैसों की डिमांड करने लगे. नहीं देने पर मानसिक प्रताड़ना देना शुरू कर दिया.
तलाक देकर घर से निकाला
महिला ने अपने पति पर कथित तौर पर आरोप लगाया कि वह नशीली गोलियां खिलाकर अप्राकृतिक तरीके से संबंध बनाता है. मना करने पर बेरहमी से पिटाई करता है. कई बार पंचायत हुई लेकिन ससुरालियों पर कोई बदलाव नहीं आया. पति ने तीन बार तलाक देकर घर से निकाल दिया. उसने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. महिला थाना की पुलिस अधिकारी SO मोनी निषाद ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में जांच करके आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.