मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में टीला जमालपुरा इलाके में छत पर टहल रही महिला को गोली लगने का मामला सामने आया है. टीला जमालपुरा के कच्ची मस्जिद रोड स्थित हैदर टावर की पांचवीं मंजिल पर हुई इस घटना में पुलिस अब तक गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं कर पाई है. घायल महिला का निजी अस्पताल में इलाज जारी है. शुरुआती जांच के बाद भी पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर महिला को गोली लगी कैसे और इसके पीछे कौन है?
भोपाल में 5 पांचवी मंजिल की छत पर टहल महिला को पैर में गोली लगी थी. शुरुआत में उसे पैर में कुछ चुभने का एहसास हुआ. महिला के मुताबिक, वह टहल रही थी, तभी अचानक उसके पैर में कुछ लगा. उस समय उसे चोट का अंदेशा हुआ, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि पैर में गोली लगी है. महिला के बयान लेने के बाद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
महिला के बयान से जांच में नया मोड़
पुलिस इस मामले में महिला के बयान और मौके की परिस्थितियों का मिलान कर रही है. जांच अधिकारियों के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि गोली किस दिशा से आई, क्या घटनास्थल के आसपास कोई संदिग्ध मौजूद था और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था. महिला के बयान में सामने आए तथ्यों की भी बारीकी से जांच की जा रही है. हालांकि, अभी तक ऐसा कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है, जिसके आधार पर गोली चलाने वाले की पहचान की जा सके.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, फ्लैट सील
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए. प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित फ्लैट को सील कर दिया गया, ताकि साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की आशंका न रहे. अब पुलिस मौके से मिले तथ्यों, महिला के बयान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
एडिशनल सीपी बोले- हर पहलू पर जांच जारी
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक, फरियादिया के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया एफआईआर दर्ज की गई है. महिला ने बताया कि टहलते समय उसे पैर में कुछ चुभने का एहसास हुआ था. बाद में अस्पताल में जांच के दौरान गोली लगने की जानकारी सामने आई. पुलिस अधिकारी के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला को गोली किस तरह और कहां से लगी. मामले में सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
पुलिस के कई राज अभी भी जांच के दायरे में
हैदर टावर में हुई इस घटना ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या महिला को किसी ने निशाना बनाकर गोली मारी, गोली कहीं और से चली या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस कब तक इस मामले का खुलासा कर पाती है.