मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां टीवी का चैनल बदलने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में हंसिए से पति पर हमला कर दिया. हमले में पति के सिर और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं. घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
और पत्नी ने खो दिया अपना आपा
यह घटना उस समय हुई जब पति घर में टीवी देख रहा था. इसी दौरान उसने टीवी का चैनल बदल दिया, जिस पर पत्नी ने आपत्ति जताई. दोनों के बीच पहले बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने अपना आपा खो दिया. आरोप है कि उसने पास में रखा हंसिया उठाकर पति पर हमला कर दिया. हंसिए का वार पति के सिर और चेहरे पर लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद छोला मंदिर थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद का बताया जा रहा है. पुलिस ने घायल पति के बयान दर्ज कर पत्नी पर केस दर्ज कर लिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहा है. पति दारू पीता था. हालांकि, इस बार विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बात जानलेवा हमले तक पहुंच गई. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है.
गुस्से पर रखें नियंत्रण
छोला थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि छोला थाना इलाके में पति-पत्नी का विवाद सामने आया है. टीवी का चैनल बदलने को लेकर बहस हुई थी पति-पत्नी में, इस दौरान पत्नी ने हंसिए से पति पर वार कर दिया. पति मजदूरी करता है. पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है जल्द ही पुलिस पत्नी को गिरफ्तार करेगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू विवाद की स्थिति में हिंसा का सहारा लेने के बजाय बातचीत और कानूनी माध्यमों से समस्या का समाधान करें. मामूली बात पर हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक तनाव और गुस्से पर नियंत्रण न होने के कारण छोटी-सी बात भी बड़े अपराध का रूप ले सकती है.
(भोपाल से धर्मेंद्र साहू की रिपोर्ट)