बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की सालगिरह के दिन ही तीन माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई. मामला सिधवलिया थाना क्षेत्र के बखरौर गांव का है. मृतका की पहचान 22 वर्षीय गुड़िया देवी के रूप में हुई है, जो मनीष कुंवर की पत्नी थीं. जिस बेटी को पिता ने बड़े अरमानों के साथ विदा किया था, उसकी जिंदगी का ऐसा दर्दनाक अंत पूरे इलाके को झकझोर गया है.
एक साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, गुड़िया देवी की शादी 8 मई 2025 को बखरौर गांव निवासी मनीष कुंवर के साथ हुई थी. परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में दान-दहेज भी दिया था. घरवालों को उम्मीद थी कि बेटी अपने नए घर में खुश रहेगी और परिवार की खुशियों का हिस्सा बनेगी. लेकिन शादी के एक साल के भीतर ही यह रिश्ता दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया.
गर्भवती होने के बाद बढ़ी दहेज की मांग
बताया जा रहा है कि गुड़िया तीन माह की गर्भवती थीं. इसी दौरान ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग की जाने लगी. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर गुड़िया को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा. परिवार का कहना है कि बेटी पर दबाव बढ़ता जा रहा था और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था.
सालगिरह की रात हुई दर्दनाक वारदात
आरोप है कि शुक्रवार की रात मौका पाकर गुड़िया की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी गई. दुख की बात यह है कि जिस दिन शादी की सालगिरह थी, उसी दिन उसकी जिंदगी छीन ली गई. एक ओर जहां इस दिन को खुशियों के साथ मनाया जाना चाहिए था, वहीं दूसरी ओर यह दिन हमेशा के लिए एक दर्दनाक याद बन गया.
घटना के बाद घर छोड़कर फरार हुए परिजन
घटना की जानकारी मिलते ही सिधवलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जानकारी में महिला की फांसी लगने से मौत की बात सामने आई है. पूरे मामले की जांच एफएसएल टीम की मदद से की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट- विकाश कुमार दुबे)
ये भी पढ़ें