Advertisement

फोटो में हैंडसम, असल में शराबी... नशे में लड़खड़ाते दूल्हे का दुल्हन ने कर दिया ये हाल, मचा गया हंगामा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दूल्हा शराब के नशे में बारात लेकर पहुंचा तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. दूल्हा पक्ष का आरोप है कि लड़की वालों ने उनको बंधक बनाए रखा. जब मामला पुलिस के पहुंचा तो पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. दूल्हा बिना दुल्हन के घर लौट गया.

Bilaspur News
gnttv.com
  • बिलासपुर,
  • 29 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:26 PM IST

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां शादी का जश्न उस समय विवाद में बदल गया, जब बारात लेकर पहुंचे दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने फेरे लेने से साफ इनकार कर दिया. मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. आरोप है कि नशे में धुत दूल्हे को देखकर लड़की पक्ष भड़क गया और शादी तोड़ दी. इसके बाद बारात में जमकर हंगामा हुआ.

हैंडसम दूल्हे की हकीकत-
बिलासपुर में एक लड़की के घर पर शादी की पूरी तैयारी थी. परिवार में खुशी का माहौल था. बारात का इंतजार हो रहा था. तय समय पर बारात भी पहुंची. डीजे की धुन पर बाराती नाचते-गाते दुल्हन के घर पहुंचे. चारों तरफ खुशी का माहौल था. लेकिन तभी दूल्हे के पैर लड़खड़ाने लगे. उसकी इस हरकत को देखकर लड़की वाले सतर्क हो गए. लड़की वालों को जो तस्वीर दिखाई गई थी, उसमें लड़का काफी हैंडसम लग रहा था. लेकिन उसकी हरकतों से दुल्हन बौखला गई और शादी तोड़ दी.

नशेड़ी दूल्हे को देखकर मच गया हंगामा-
जब दुल्हन के घर बारात पहुंची तो उसका जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान जब दूल्हे को गाड़ी से नीचे उतारा गया तो वो लड़खड़ाने लगा. वो शराब के नशे में था. दूल्हे की हालत देखकर लड़की पक्ष के लोग हैरान रह गए. परिजनों ने तुरंत शादी की रस्में रुकवा दीं और फिर शुरू हुआ जमकर हंगामा, जो की पूरी रात चला. 

दुल्हन का शादी से इनकार-
बताया जा रहा है कि दुल्हन को जब दूल्हे राजू के नशे में होने की जानकारी मिली तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और बारातियों और लड़की पक्ष के बीच जमकर विवाद हुआ.

दूल्हा पक्ष का बंधक बनाने का आरोप-
लड़के पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हे समेत कुछ रिश्तेदारों को घंटों तक रोके रखा गया और उन्हें बंधक जैसा व्यवहार झेलना पड़ा. वहीं, लड़की पक्ष का कहना है कि उन्होंने केवल जवाब मांगने के लिए लोगों को रोका था.

विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. काफी देर तक पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही. आखिर में बिना शादी के ही बारात को लौटना पड़ा.
 
(मनीष शरण की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement