Saharsa News: मटन खिलाने की हुई थी बात... प्लेट में आया चिकन... शादी में ऐसा बवाल मचा कि बाराती-घराती बन गए दुश्मन, जमकर चले लात-घूंसे और लाठी-डंडे 

बिहार के सहरसा जिले में निकाह की दावत में बवाल मच गया. आरोप है कि बारातियों से मटन (खस्सी) खिलाने का वादा किया गया था, लेकिन प्लेट में चिकन परोस दिया गया. इसी के बाद कुछ ही मिनटों में दावत का पंडाल रणभूमि बन गया. लाठी-डंडे चले, भगदड़ मची और 7 से ज्यादा लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच गए.

Fight at the wedding feast
धीरज कुमार सिंह
  • सहरसा,
  • 11 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:44 PM IST

निकाह की रस्में पूरी हो चुकी थीं. दूल्हा-दुल्हन एक हो चुके थे. मेहमान खाने की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि दावत का मेन्यू ही पूरे निकाह का सबसे बड़ा विवाद बन जाएगा. मामला बिहार के सहरसा जिले का है. यहां सिमरी बख्तियारपुर के रहने वाले युवक की बारात महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव पहुंची थी. गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे निकाह संपन्न हुआ. इसके बाद दावत शुरू हो गई.

दूल्हा पक्ष का आरोप 
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उन्हें पहले से बताया गया था कि दावत में खस्सी (मटन) बनेगा. लेकिन जब बाराती खाना खाने बैठे तो उनकी प्लेट में मुर्गा (चिकन) परोस दिया गया. पहले कुछ लोगों ने आपत्ति जताई. फिर बहस शुरू हुई. कुछ ही देर में आवाजें ऊंची हो गई और देखते ही देखते पूरा माहौल बिगड़ गया. जो लोग कुछ देर पहले एक-दूसरे को मुबारकबाद दे रहे थे, वही थोड़ी देर बाद एक-दूसरे पर लाठी-डंडे बरसाते दिखाई दिए.

पंडाल में मच गई अफरातफरी 
आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. पंडाल में अफरातफरी मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. इस झड़प में दूल्हा पक्ष के सात से ज्यादा लोग घायल हो गए. सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.घायल दूल्हे के चाचा ने आरोप लगाया कि खाने को लेकर सवाल उठाने पर लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला कर दिया. हालांकि, इस विवाद को लेकर दूसरे पक्ष का विस्तृत बयान अभी सामने नहीं आया है.

पुलिस से शिकायत करने की कही बात 
इस पूरी घटना के वीडियो भी सामने आए हैं. इनमें शादी का माहौल अचानक हिंसा में बदलता दिखाई देता है. लोग भाग रहे हैं, कुछ लोग लाठी लेकर दौड़ रहे हैं और चारों तरफ अफरातफरी का माहौल है. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है. दूल्हा पक्ष ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी.


 

Read more!

RECOMMENDED