Advertisement

बुलेट चाहते थे दूल्हे राजा, शादी के 9 महीने बाद बहू पर आई आफत

बिहार के वैशाली में शादी के 9 महीने बाद विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. बहू को जहर भी दिया गया है. फैमिली का आरोप है कि ससुराल वालों ने बुलेट की मांग की थी. परिवार देने के लिए राजी भी था, लेकिन इससे पहले ही बेटी की हत्या कर दी गई.

Vaishali News
gnttv.com
  • वैशाली,
  • 22 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:20 AM IST

बिहार के वैशाली जिले में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बालिगांव थाना क्षेत्र के भूसाही गांव में बुलेट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों द्वारा एक नवविवाहिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर और जहर देकर हत्या कर दी गई.  सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

9 महीने पहले हुई थी शादी-
मृतका की पहचान 20 वर्षीय अमृता कुमारी के रूप में हुई है. उसकी शादी करीब नौ महीने पहले भूसाही गांव निवासी प्रमोद पंडित के बेटे मनीष कुमार से हुई थी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और परिवार की सहमति के बाद शादी संपन्न हुई थी.

दहेज में बुलेट की थी मांग-
मृतका की बड़ी बहन ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही अमृता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों के अनुसार, ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर अमृता के साथ मारपीट की जाती थी. इतना ही नहीं, मायके वालों से संपर्क टूट जाए, इसके लिए उसके मोबाइल फोन से परिवार के सभी नंबर ब्लॉक कर दिए गए थे.

मांग पूरी करने का दिया था भरोसा-
परिजनों का कहना है कि उन्होंने ससुराल वालों को भरोसा दिलाया था कि बाद में बुलेट बाइक की मांग पूरी कर दी जाएगी, लेकिन इसके बावजूद अमृता को प्रताड़ित किया जाता रहा. उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई और बाद में जहर देकर हत्या कर दी गई.

घटना की जानकारी मिलने के बाद बालिगांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से सैंपल इकट्ठा किए हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

(विकास कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement