Advertisement

Kanpur News: एक बीघा जमीन के विवाद में बहन की हत्या, 1 साल बाद खुला सड़क हादसे का झूठा राज

पुलिस ने जांच के बाद झूठे सड़क हादसे का राज खोल दिया है. भाई ही अपनी बहन का कातिल निकला है. पिता की मौत के बाद चार बीघा जमीन का बंटवारा हुआ था. इसमें से बहन के हिस्से में एक बीघा जमीन आई थी. भाई ने उस जमीन के लिए अपनी बहन की हत्या कर दी थी.

Accused in police custody
सिमर चावला
  • कानपुर,
  • 20 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:55 PM IST

कानपुर स्थित सचेंडी थाना क्षेत्र के सकतपुर गांव में करीब एक साल पहले हुए कथित सड़क हादसे का मामला हत्या में बदल गया है. पुलिस ने जांच के बाद मृतका सीमा के भाई श्यामजी पाल को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि श्यामजी ने जमीन के विवाद में अपनी बहन की हत्या की और वारदात को छिपाने के लिए इसे सड़क हादसे का रूप दे दिया.

और पुलिस का शक हो गया मजबूत 
पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त 2025 को श्यामजी पाल ने यूपी-112 पर सूचना दी थी कि उसकी बहन सीमा की मिनी ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मिनी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीमा के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस को हादसे की कहानी पर शक हुआ. पुलिस ने दोबारा जांच शुरू की और घटना में बताए गए मिनी ट्रक की लोकेशन समेत अन्य जानकारियां जुटाईं. जांच में सामने आया कि जिस मिनी ट्रक से टक्कर लगने का दावा किया गया था, वह घटना के समय फतेहपुर में मौजूद था. इसके बाद पुलिस का शक और मजबूत हो गया.

एक बीघा जमीन बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार पिता की मौत के बाद परिवार की करीब चार बीघा जमीन का बंटवारा हुआ था. इसमें सीमा के हिस्से में भी जमीन आई थी. करीब एक बीघा जमीन को लेकर उसका भाई श्यामजी से विवाद चल रहा था. सीमा जमीन देने के लिए तैयार नहीं थी. इसी बात को लेकर दोनों भाई-बहन के बीच कई बार विवाद हुआ था. पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी.

रास्ते में रोककर बहन पर किया था हमला
पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन सीमा किसी काम से घर से निकली थी. इसी दौरान श्यामजी ने उसे रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर श्यामजी ने सीमा पर हमला कर दिया. जमीन पर गिरने के बाद भी उसने डंडे से वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद हत्या को छिपाने के लिए आरोपी ने मिनी ट्रक से टक्कर लगने की झूठी कहानी पुलिस को बताई और हादसे का मुकदमा दर्ज करा दिया.

आठ बार पूछताछ के बाद भी बदलता रहा बयान
पुलिस ने श्यामजी से कई दौर में पूछताछ की. करीब आठ बार बुलाए जाने के बाद भी वह हर बार अलग-अलग जानकारी देकर पुलिस को गुमराह करता रहा. जांच के दौरान पुलिस को सीमा के मोबाइल से भी अहम सुराग मिले. घटना से एक दिन पहले सीमा ने अपने भाई श्याम को व्हाट्सएप मैसेज कर जान को खतरा होने की बात कही थी. इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल चैट, सीसीटीवी फुटेज और वाहन की जांच के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया.

अब पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को श्यामजी को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उसने बहन की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. करीब एक साल से सड़क हादसे के रूप में दर्ज मामला अब हत्या के केस में तब्दील हो चुका है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement