महाराष्ट्र के चंद्रपुर में प्रेम संबंधों का ऐसा खौफनाक अंत हुआ है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. तीन से चार साल से चल रहे कथित प्रेम संबंध, आए दिन के विवाद और फिर एक ऐसा खूनी अंजाम, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.
पुलिस के मुताबिक प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को अपनी कार की डिक्की में रखा, लेकिन उसे समझ नहीं आ रहा था की आगे करना क्या है इसीलिए शव को कार में लिए एक दिन शहर में घूमता रहा और दूसरे दिन करीब 160 किलोमीटर दूर नागपुर जिले के हिंगणा क्षेत्र में उसने एक घर लिया था वही पर पानी की टंकी के लिए खोदे गए गड्ढे में ले जाकर दफना दिया. हैरानी की बात यह है कि हत्या के तीन दिन बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया.
दूसरी विवाहित महिला के साथ थे प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, तुकूम निवासी 49 वर्षीय संतोष साखरकर विवाहित है और पिछले तीन से चार वर्षों से एक विवाहित महिला के साथ उसके प्रेम संबंध थे. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. महिला के कथित रूप से लगातार साथ रहने और केवल उसी से बातचीत करने के दबाव को लेकर तनाव बना रहता था. परिवार और बच्चों को समय देने की बात पर भी दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है.
गुस्से में महिला का गला दबाया
इसी बीच 14 अक्टूबर को दोनों आरवट जंगल क्षेत्र में मिलने पहुंचे. यहां फिर विवाद हुआ और आरोप है कि गुस्से में आकर संतोष ने महिला का गला दबा दिया. इसके बाद पत्थर से उसकी छाती पर वार किया. इस हमले में महिला की मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर वारदात छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश की.
महिला के शव को अपनी कार की डिक्की में रखकर वह चंद्रपुर से नागपुर जिले के हिंगणा क्षेत्र पहुंचा. वहा शव को दफना दिया और वापस चंद्रपुर लौट आया.
अपने किए गुनाह का करता रहा पछतावा
एक तरफ हत्या का राज छिपाने की कोशिश थी, तो दूसरी तरफ तीन दिनों तक आरोपी बेचैन रहा, उसे अपने किए गुनाह पर पछतावा हो रहा था. आखिरकार 17 अक्टूबर को वह खुद चंद्रपुर शहर पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. आरोपी से मिली जानकारी के बाद चंद्रपुर शहर पुलिस की टीम हिंगणा पहुंची. कार्यकारी दंडाधिकारी और तहसीलदार की मौजूदगी में नियमानुसार पंचनामा किया गया और खुदाई कर महिला का शव बाहर निकाला गया.इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल चंद्रपुर भेजा गया.
मामले में पुलिस ने आरोपी संतोष साखरकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है. प्रेम संबंधों में चल रहे विवाद ने आखिरकार एक महिला की जान ले ली. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से जुड़े सभी घटनाक्रम और सबूत क्या हैं.
ये भी पढ़ें: