Advertisement

एक सहेली से शादी, दूसरी से प्यार! पत्नी की मौत केस में BDO गिरफ्तार, ASI प्रेमिका को जमानत

बिहार में बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी अमृता की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने बीडीओ की प्रेमिका एएसआई अनु को गिरफ्तार किया है. पुलिस के हाथ कई अहम सबूत लगे. बीडीओ की पत्नी अमृता और प्रेमिका अनु पहले से एक-दूसरे को जानती थी. सहेली ने ही अमृता की जिंदगी तबाह कर दी.

Darbhanga BDO wife death case
मणि भूषण शर्मा
  • मुजफ्फरपुर,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:15 PM IST

बिहार के दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की कथित दहेज हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है. इस मामले में पुलिस ने BDO की कथित प्रेमिका और बेगूसराय जिला पुलिस बल में तैनात एएसआई अनु कुमारी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां BDO मनोज कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. जबकि एएसआई अनु कुमारी को पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया.

प्रेमिका के लिए पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप-
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान BDO मनोज कुमार और एएसआई अनु कुमारी के बीच प्रेम संबंध की पुष्टि हुई है. अमृता के भाई राजकुमार ने आरोप लगाया है कि मनोज कुमार और अनु कुमारी के रिश्ते का विरोध करने पर उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. शिकायत में आरोप है कि दहेज की मांग और प्रेम संबंध के विरोध के कारण अमृता को जहर देकर मार दिया गया. इस मामले में पति के अलावा सास, ससुर, देवर, ननद और अनु कुमारी को भी नामजद किया गया है.

कॉलेज की सहेली ने उजाड़ दी दुनिया-
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि अमृता की मौत वाले दिन मनोज कुमार और अनु कुमारी पटना में मौजूद थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि अमृता को दोनों की ओर से वीडियो कॉल किए जाने की जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि अनु और अमृता कॉलेज की सहेली थीं, जबकि मनोज और अनु की मुलाकात मुजफ्फरपुर में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग के दौरान हुई थी.

सहेली की पति से प्यार-
पुलिस और जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक मनोज, अमृता और अनु एक-दूसरे को पहले से जानते थे. मनोज और अमृता की शादी दिसंबर 2022 में हुई, लेकिन अनु से उसका संपर्क लगातार बना रहा. अमृता को जब इस रिश्ते की जानकारी मिली तो परिवार में विवाद बढ़ने लगा. पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

पुलिस के हाथ लगा सीसीटीवी फुटेज-
मामले की जांच में पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिसमें अमृता के साथ मारपीट होती दिखाई देने का दावा किया गया है. पुलिस का कहना है कि इस फुटेज ने जांच को नई दिशा दी है.

इसी आधार पर BDO और एएसआई अनु कुमारी से गहन पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान दोनों को आमने-सामने बैठाकर सवाल किए गए. पहले दोनों ने कई बातों से इनकार किया, लेकिन मोबाइल लोकेशन, चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्य दिखाए जाने के बाद दोनों ने प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की.

मोबाइल, टैब और लैपटॉप की तलाश-
पुलिस अमृता कुमारी के दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट और एक लैपटॉप की तलाश कर रही है. मृतका के भाई का आरोप है कि इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में प्रताड़ना और हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे, जिन्हें गायब कर दिया गया. पुलिस तकनीकी सर्विलांस की मदद से इन उपकरणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है. जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच भी करा रही हैं.

फरार आरोपियों की तलाश जारी-
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है. इनमें BDO मनोज कुमार के पिता, मां, भाई और बहन शामिल हैं. पुलिस का दावा है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज में कई नामजद आरोपी दिखाई दे रहे हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement