Advertisement

Dehradun Crime News: दिल्ली की एजेंसी, ऑनलाइन हायर नौकर और संगीन वारदात, देहरादून में भाजपा पार्षद के घर से लाखों के सोने और कैश उड़ाए

देहरादून में भाजपा पार्षद के घर से लाखों के सोने और कैश चोरी कर लिए गए हैं. इस वारदात को अंजाम नौकर और उसके साथियों ने दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. नेपाल निवासी नौकर को पार्षद की बेटी ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए 25 दिन पहले ही काम पर रखा था. 

Theft at BJP Councillor's House in Dehradun
gnttv.com
  • देहरादून ,
  • 30 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 4:05 PM IST

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा पार्षद के घर सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया है. आरोप है कि घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ पिलाने के बाद नौकर समेत बदमाशों ने लूटपाट की और मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद तीनों को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोपी नौकर घर में घूमता है और फिर अलमारी से लाखों के जेवरात और नगदी उड़ा कर फरार होता है. घटना की सूचना मिलते ही देहरादून पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग पार्षद के घर में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस अब इसी फुटेज और घटनास्थल से मिले दूसरे सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम घर के नौकर ने दिया है जो घटना के बाद फरार है.

परिवार का भरोसा कर लिया था हासिल 
बताया जा रहा है कि नेपाल निवासी इस नौकर को पार्षद की बेटी मेघा ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए काम पर रखा था. मेघा दिल्ली में रहती हैं. करीब 25 दिन पहले ही नौकर को घर के घरेलू कामकाज के लिए रखा गया था. परिवार के मुताबिक ऑनलाइन माध्यम से उसकी जानकारी जुटाने के बाद उसे काम पर रखा गया था और इतने कम समय में ही उसने परिवार का भरोसा हासिल कर लिया था. वारदात को अंजाम देने से पहले परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसी दौरान घर से नगदी और अन्य सामान लेकर आरोपी फरार हो गए.

नौकर की तलाश कर रही पुलिस
वारदात के बाद फरार नौकर की तलाश पुलिस के लिए सबसे अहम कड़ी बनी हुई है. पुलिस उसके मोबाइल नंबर, ऑनलाइन संपर्क और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज के जरिए दूसरे आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है. एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.  उधर, इस घटना ने देहरादून में कानून व्यवस्था को बड़ी चुनौती दी है. वारदात को लेकर पुलिस की ओर से बताया गया है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.

(सागर शर्मा की रिपोर्ट)


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement