हरियाणा में फरीदाबाद के आदर्श नगर स्थित मलेरना रोड की एक गली में मारपीट और पथराव का मामला सामने आया है. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें करीब 30 से 40 युवक एक वर्कशॉप के बाहर हंगामा करते और बंद शटर पर पत्थर व लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव किया.
कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद-
घटना बीती रात की है. जानकारी के मुताबिक पीड़ित गजेंद्र किराने की दुकान पर सामान लेने पहुंचा था. वहां पहले से मौजूद एक युवक के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.
आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के युवक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया. कुछ ही देर में कई युवक वहां पहुंच गए और गजेंद्र की वर्कशॉप की तरफ चले गए. खुद को बचाने के लिए गजेंद्र वर्कशॉप के अंदर चला गया और शटर बंद कर लिया.
सीसीटीवी में कैद वारदात-
इसके बाद बाहर मौजूद युवकों ने बंद शटर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला शुरू कर दिया. CCTV फुटेज में बड़ी संख्या में युवक वर्कशॉप के बाहर हंगामा करते नजर आ रहे हैं.
पुलिस की गाड़ी पर भी हमला-
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वर्कशॉप का शटर खुलवाकर अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाला. आरोप है कि जब पुलिस कुछ युवकों को अपनी गाड़ी में बैठाकर वहां से ले जाने लगी, तो भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव कर दिया.
पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई. अब इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
जांच में जुटी पुलिस-
फिलहाल पीड़ित पक्ष की शिकायत पुलिस ने ले ली है. पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: