उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक 42 साल का शख्स को 18 साल की लड़की से प्यार हो गया. दोनों एक कमरा लेकर रहने लगे. लेकिन अचानक लड़की की हत्या हो गई. लड़की की फैमिली के आरोप है कि अधेड़ ने लड़की को प्यार के जाल में फंसाया और उसके साथ रहने लगा. इसके बाद उसने अपने बेटे के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर घटना को हादसा या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.
3 गिरफ्तार, एक आरोपी फरार-
आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गुमशुदगी की कहानी भी रची. करीब एक महीने बाद युवती की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है.
42 साल के शख्स ने की 18 साल की लड़की से शादी-
ये मामला जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान पुष्पा देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि करीब 42 वर्षीय गंगासागर की पत्नी की मौत के बाद उसका संपर्क गांव की रहने वाली 18 वर्षीय युवती से हुई थी. आरोप है कि गंगासागर ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और नवंबर माह से राधानगर थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में साथ रहने लगे.
लड़की से संपर्क नहीं होने पर परिवार को हुआ संदेह-
युवती के परिजनों के मुताबिक, वह करीब एक साल से गंगासागर के साथ रह रही थी. इसी बीच कुछ समय से युवती का अपने परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा था. परिजनों को जब बेटी की कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. युवती के पिता महावीर लोधी ने थाना राधानगर पहुंचकर शिकायत की. पिता ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनकी बालिग बेटी पिछले करीब एक वर्ष से गंगासागर नाम के युवक के साथ घर से जाकर रह रही थी. काफी समय से बेटी से संपर्क नहीं हो पा रहा है और उन्हें आशंका है कि गंगासागर ने उनकी बेटी की हत्या कर उसके शव को कहीं छिपा दिया है.शिकायत मिलते ही राधानगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
3 दिन तक घर में छिपाकर रखा था शव-
जांच के दौरान पुलिस ने गंगासागर से कड़ाई से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात कबूल कर ली. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने युवती की हत्या करने के बाद शव को तीन दिन तक घर में छिपाकर रखा था. जिसके बाद अपने तीन अन्य साथियों की मदद से शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक तक ले गया और वहां छोड़ दिया. आरोपियों का मकसद हत्या की वारदात को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देना था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके और हत्या का राज सामने न आ सके. 29 जून को रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव बरामद हुआ था. शव की शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने उसे लावारिस अवस्था में अंतिम संस्कार करवा दिया था.
इसके बाद पुलिस मृतका की पहचान कराने के प्रयास में जुटी रही. इसी दौरान जब युवती के गांव में उसकी हत्या की चर्चा पहुंची तो उसके पिता को शक हुआ कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव उनकी बेटी पुष्पा देवी का हो सकता है. इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर बेटी की हत्या की आशंका जताई. पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया और मुख्य आरोपी से पूछताछ की. पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया.
फरार आरोपी की तलाश कर रही पुलिस-
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी गंगासागर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर विधिक कार्रवाई की गई है.
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया है. वहीं, शव को ठिकाने लगाने में शामिल एक अन्य सह-अभियुक्त अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि युवती के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच और पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार की. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल बरामद की गई है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है.
ये भी पढ़ें: