Advertisement

Firozabad Crime News: जमीन के लिए भाई की पत्नी की ले ली जान... खेत में घास काटने गई थी सोनी... पीछे से आया जेठ और कुल्हाड़ी से काट डाला

UP Crime News: फिरोजाबाद में एक महिला की हत्या उसके ही जेठ ने 9 बीघा जमीन के लिए कर दी है. 38 साल की सोनी खेत में घास काटने गई थी. आरोप है कि तभी उसका जेठ वहां पहुंचा और कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया. सोनी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है.

Sony (file photo)
सुधीर शर्मा
  • फिरोजाबाद ,
  • 04 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 1:33 PM IST

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में नौ बीघा जमीन का विवाद एक महिला की जिंदगी पर भारी पड़ गया. 38 साल की सोनी खेत में घास काटने गई थी लेकिन वहां से वापस नहीं लौटी. आरोप है कि सोनी के जेठ नेपाल सिंह ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया. सोनी की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद नेपाल सिंह फरार हो गया. अब पुलिस उसकी तलाश में दो टीमें लगाकर दबिश दे रही है. मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया है. 

हत्या के पीछे जमीन विवाद को बताया वजह 
मामला नगला खंगर थाना क्षेत्र के कोरारी खेड़ा गांव का है. मृतका के भाई अमृतलाल इटावा के सैफई के रहने वाले हैं. उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में अपनी बहन की हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया है. अमृतलाल के मुताबिक, सोनी की शादी साल 1998 में संदीप से हुई थी. दोनों का एक 13 साल का बेटा है. परिवार के मुताबिक, कुछ समय पहले एक हादसे के बाद संदीप की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रह गई थी. ऐसे में खेत की जिम्मेदारी काफी हद तक सोनी ही संभाल रही थी. वह खेत पर जाती थी, वहां काम करती थी और जमीन की देखरेख भी करती थी. यही बात कथित तौर पर नेपाल सिंह को खटकती थी.

छोटे भाई के हिस्से की जमीन पर थी नजर 
सोनी के भाई अमृतलाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि नेपाल सिंह की नजर अपने छोटे भाई के हिस्से की नौ बीघा जमीन पर थी. उनका आरोप है कि नेपाल सिंह नहीं चाहता था कि सोनी खेत पर जाए या वहां काम करे. नेपाल सिंह को लगता था कि सोनी के रहते जमीन पर कब्जा करना मुश्किल होगा. फिर वह दिन आया जब सोनी खेत पर घास काटने गई थी. आरोप है कि इसी दौरान नेपाल सिंह ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिसमें सोनी की मौत हो गई. 

पुलिस संभावित ठिकानों पर दे रही दबिश 
घटना की खबर गांव में पहुंची तो पुलिस भी मौके पर पहुंची. जांच शुरू हुई. परिजनों के आरोप और शुरुआती जांच के आधार पर नेपाल सिंह का नाम सामने आया लेकिन तब तक वह मौके से फरार हो चुका था. पुलिस ने उसके खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है. अब उसकी तलाश में दो टीमें बनाई गई हैं. पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि नेपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है. अब पुलिस की जांच में कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. क्या खेत को लेकर पहले से विवाद चल रहा था? क्या सोनी को पहले भी खेत पर जाने से रोका गया था? जिस वक्त हमला हुआ, उस समय वहां कौन-कौन मौजूद था? और क्या नौ बीघा जमीन का विवाद ही इस हत्या की वजह बना? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सामने आएंगे.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement