उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित वसुंधरा में रिश्ते को तार-तार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पत्नी ने अपने जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पति पर चाकू से हमला कराया है. घायल पति का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस वारदात की कहानी अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए सामने आई है. फुटेज में सुबह महिला के घर से निकलने के बाद जिम ट्रेनर का तेजी से फ्लैट में दाखिल होना और कुछ देर बाद भागते हुए बाहर निकलना दिखाई दे रहा है. आरोप है कि घर में घुसकर उसने महिला के पति शशांक कंथरिया पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. शोर सुनकर सोसायटी के लोग हमलावर के पीछे दौड़े. पुलिस ने मामले में जिम ट्रेनर प्रताप सिंह और उसकी महिला मित्र प्रिया शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस की जांच में प्रेम संबंधों के चलते हत्या की कोशिश और कथित साजिश का मामला सामने आया है.
और चाकू से किए कई वार
घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित जागृति आरडब्ल्यूए सोसायटी में 26 अक्टूबर की सुबह करीब 5:15 बजे हुई. पुलिस के मुताबिक, प्रिया शर्मा जिम जाने के लिए घर से निकली थी. इसके बाद जिम ट्रेनर प्रताप सिंह फ्लैट में दाखिल हुआ और शशांक पर चाकू से कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल शशांक के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला. घटना के बाद सोसायटी में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घायल शशांक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी सर्जरी की गई. बताया जा रहा है कि सिर, सीने और हाथ पर गहरे घाव होने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घायल शशांक कंथरिया डाक विभाग में सीनियर अकाउंटेंट बताए जा रहे हैं. हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
केस दर्ज, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
इंदिरापुरम पुलिस ने शशांक के भाई की शिकायत पर प्रताप सिंह और प्रिया शर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है. पुलिस अब घटना की सभी कड़ी जोड़ने और दोनों की भूमिका की और ज्यादा पड़ताल में जुटी है. इस मामले में प्रेम संबंधों से शुरू हुई नजदीकियां, पति को रास्ते से हटाने की कथित साजिश और सुबह-सुबह घर में हुआ जानलेवा हमला अब पुलिस की जांच के केंद्र में हैं.