उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के पॉश इलाके इंदिरापुरम में रोडरेज का एक मामला सामने आया है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक के साथ मारपीट की जा रही है. बताया जा रहा है कि कुछ युवक सड़क पर ऑडी खड़ी करके शराब पी रहे थे. एक युवक ने गाड़ी हटाने को कहा तो उसकी जमकर पिटाई कर दी गई. इसका वीडियो वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस ने 2 युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है.
वायरल वीडियो में क्या है?
इंदिरापुरम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें साफ दिख रहा है कि सड़क पर गिराकर एक युवक की पिटाई की जा रही है. वीडियो में एक आवाज भी आ रही है, जिसमें कहा जा रहा है कि तुम सब मार रहे हो न इसे, मार लो, इसे मार रहे हो न. अब चल रहे हैं थाने चल रहे हैं, रुक जाओ.
युवक वीडियो बनाने वाले पर भी झपटता है. ये वीडियो किसी राहगीर ने बनाया है और इसे वायरल किया है.
पीड़ित का क्या कहना है?
पीड़ित का कहना है कि मैं अपने मित्र के साथ गाड़ी से जा रहा था. हर्षा सिटी मॉल के पास कुछ लोग बीच सड़क पर ऑडी गाड़ी को लगा रखा था. मैंने उनसे बोला कF गाड़ी हटा लो. ऑडी सवार युवकों ने पहले हमारे साथ गाली गलौज की. फिर गाड़ी से उतरकर हमारे साथ मारपीट करनी शुरू कर दी.
पीड़ित का कहना है कि ऑडी सवार युवक गाड़ी के अंदर बैठकर शराब पी रहे थे और शराब के नशे में होने के कारण ही उन्होंने हमारे साथ मारपीट की और जो सड़क पर पड़े पत्थर थे, वह भी हमारे सिर पर मारा. जिसकी वजह से मैं घायल हो गया.
जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे युवक- एसीपी
एसीपी सूर्यबली मौर्य का कहना है कि इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तारी के लिए टीम बना दी गई है. जल्दी इन लोगों की गिरफ्तारी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: