सेंट्रल नोएडा स्तिथ सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शुक्रवार को चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथियों को कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से करीब 51 लाख रुपये के सोने के गहने , 1.25 लाख रुपये कीमत की चांदी, 11 लाख 27 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं.
कैसे चढ़े पुलिस के हत्थे?
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मोजर बियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज घायल हो गए. दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया. वहीं उनके दो साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया.
रैपिडो ड्राइवर बन होती थी रेकी
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सदस्य भोले उर्फ भोला पेशे से रैपिडो चालक है. वह नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न सोसायटियों में सवारी के बहाने आता-जाता था और बंद पड़े मकानों की जानकारी जुटाता था. इसके बाद वह यह सूचना अपने साथियों को देता था. गिरोह रात के समय ऐसे मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था. आरोपी विशेष रूप से उन मकानों को निशाना बनाते थे जिनके मालिक लंबे समय से बाहर रहते थे या घर बंद होता था. चोरी के बाद आरोपी जेवरात और कीमती सामान को बेचकर नकदी में बदल देते थे.
क्या कबूला आरोपियों ने?
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हाल के वर्षों में की कई बड़ी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूली. पुलिस ने इनके कब्जे से बरामद माल के आधार पर तीन प्रमुख मामलों का खुलासा किया है. कबूलनामे में पता चला कि पहला मामला थाना सूरजपुर क्षेत्र की पैरामाउंट सोसायटी का है, जहां 25 अप्रैल को एक मकान से चोरी की गई. दूसरा वारदात को 26 अक्तूबर को ग्राम जैतपुर के पास चोरी कर अंजाम दिया गया. वहीं तीसरी चोरी 3 अप्रैल 2026 सेक्टर-144 स्थित मगध एन्क्लेव को एक मकान में हुई.
चोरी के समान के साथ जब्त हुए हथियार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल तीन सोने के बिस्किट और करीब 100 ग्राम सोने के अन्य आभूषण बरामद किए हैं. कुल मिलाकर लगभग 300 ग्राम सोना बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 51 लाख रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा करीब 450 ग्राम चांदी के आभूषण, 11 लाख 27 हजार रुपये नकद, दो बाइक और चार अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं.
बरामद हथियारों में चार बोर के तमंचे, छह कारतूस और चार खोखा कारतूस शामिल हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं.
- अरुण त्यागी की रिपोर्ट