मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध, फिर तोड़ता था रिश्ता.. हैरान करने वाली कहानी

हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो मैट्रिमोनियल साइट पर लड़कियों से दोस्ती करता था. उसके बाद उनसे शादी का वादा करता था. युवक लड़कियों का भरोसा जीतकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था. फिर संबंध तोड़ लेता था. लेकिन एक लड़की ने इसकी शिकायत की और आरोपी पुलिस हिरासत में पहुंच गया.

Gurugram News
gnttv.com
  • गुरुग्राम,
  • 19 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:15 PM IST

डिजिटल दुनिया के इस दौर में जहां लोग इंटरनेट पर अपना जीवनसाथी तलाश रहे हैं, वहीं कुछ शातिर अपराधी इस भरोसे का फायदा उठाकर मासूमों को अपना शिकार बना रहे हैं. गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे ही आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स के जरिए महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म की वारदातों को अंजाम दे रहा था.

शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध-
मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक पीड़ित महिला ने गुरुग्राम के खेड़की दौला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. महिला ने आरोप लगाया कि एक युवक ने मैट्रिमोनियल साइट पर उससे दोस्ती की और शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. विश्वास टूटने के बाद जब महिला को उसकी असलियत पता चली, तो उसने कानून का सहारा लिया. आरोपी की पहचान नदीम खान के तौर पर हुई है जो गुरुग्राम में प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था.

कई महिलाओं को बनाया शिकार-
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वह महिलाओं से संपर्क करने के लिए करता था. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लोकप्रिय मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर अपनी फर्जी या आकर्षक प्रोफाइल बनाता था. वह ऐसी महिलाओं को निशाना बनाता था, जो शादी के लिए गंभीर होती थीं. पहले वह उनका भरोसा जीतता, फिर शादी का झांसा देकर उनके साथ संबंध बनाता था.

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज-
पुलिस जाँच में यह भी सामने आया है कि नदीम खान के खिलाफ गुरुग्राम मे पहले से ही एक एफआईआर दर्ज है. कुल मिलाकर अब तक उसके खिलाफ दो मामले सामने आ चुके हैं. गुरुग्राम पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वह अन्य जगहों पर भी तो किसी अपराध में वांछित नहीं है.

(नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED