Advertisement

Gurugram News: गुरुग्राम में पत्नी के जन्मदिन पर टेक दंपति की संदिग्ध मौत, कंपनी को सुबह 7 बजे भेजा ईमेल... 'हम दुनिया छोड़ रहे हैं'

गुरुग्राम में एक टेक कपल की मौत का मामला सामने आया है. हैरान करने वाली बात है कि मौत के दिन सुबह कंपनी को ईमेल किया था कि हम दुनिया छोड़ रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन प्राथमिक दृष्टि से पति से ऊपर पत्नी को मारने के बाद खुद आत्महत्या करने का शक है.

मृतक दंपति जोड़ा
नीरज वशिष्ठ
  • गुरुग्राम,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:48 PM IST

गुरुग्राम के सेक्टर स्थित 'एम3एम मरीना' सोसायटी के एक फ्लैट में बुधवार सुबह एक टेक दंपति मोहम्मद असलम (30) और उनकी पत्नी फरहाना दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए. इस खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. 

दरअसल, असलम ने सुबह करीब 7 बजे अपने कंपनी मालिक को ईमेल भेजकर लिखा था, "हम दुनिया छोड़ रहे हैं" और उसमें परिजनों तथा मकान मालिक के फोन नंबर साझा किए थे. कंपनी के सहकर्मियों द्वारा सूचना दिए जाने पर जब मकान मालिक टावर 7 के फ्लैट में पहुंचे, तो वहां असलम फंदे से लटके मिले और फरहाना फर्श पर मृत पड़ी थी, जिनके गले पर चोट के निशान थे.

पुलिस को असलम पर फरहाना की हत्या का शक

घटनास्थल की पड़ताल के दौरान फ्लैट का दरवाजा खुला हुआ मिला और अंदर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिस पर लिखा था "हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं". इसके अलावा फरहाना के कपड़ों पर हाथ से "आई लव यू" लिखा पाया गया. 

पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक रस्सी, डायरी, कैंची और पेन ड्राइव जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दी है. शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि असलम ने आत्महत्या करने से पहले फरहाना की जान ली होगी, जिसके चलते भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

वरदात के दिन था फरहाना का जन्मदिन

केरल के रहने वाले इस उच्च शिक्षित जोड़े की शादी 2023 में हुई थी और वे करीब तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट हुए थे, जिस दिन यह खौफनाक वारदात सामने आई, उसी दिन फरहाना का जन्मदिन भी था. असलम एनआईटी कालीकट और आईआईएम इंदौर के पूर्व छात्र थे, जबकि फरहाना भी एक आईटी फर्म के लिए वर्क-फ्रॉम-होम कर रही थीं.

नहीं था वैवाहिक विवाद, असलम था डिप्रेशन में

परिजनों के अनुसार दोनों के बीच गहरा प्रेम था और किसी भी तरह के वैवाहिक विवाद की बात सामने नहीं आई है, हालांकि असलम पिछले करीब डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे. रिश्तेदारों ने आशंका जताई है कि आईटी सेक्टर में अत्यधिक 'वर्क प्रेशर' इस खौफनाक कदम की वजह हो सकता है, जिसकी विस्तृत जांच अब बादशाहपुर थाना पुलिस कर रही है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement