Advertisement

20 रुपए के मोमोज में कम पीस निकले तो हुआ विवाद, ठेले वाले ने गुस्से में कस्टमर पर फेंक दिया खौलता तेल

ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में महज मोमोज कम मिलने की शिकायत करना 18 साल के छात्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि पुरानी रेशम मिल चौराहे पर मोमोज के ठेले वाले ने विवाद के बाद कढ़ाई में खौलता हुआ तेल छात्र के ऊपर फेंक दिया.

Momos
सर्वेश पुरोहित
  • ग्वालियर,
  • 06 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:12 PM IST
  • कढ़ाई से खौलता तेल उठाकर छात्र पर फेंका
  • प्लेट में मोमोज कम दिखे तो की शिकायत

ग्वालियर में मोमोज में कम पीस मिलने की शिकायत एक छात्र को भारी पड़ गई . आरोप है कि शिकायत से नाराज मोमोज ठेले वाले ने पहले छात्र से गाली-गलौज की और फिर विवाद बढ़ने पर कढ़ाई में खौलता हुआ तेल उठाकर उसके ऊपर फेंक दिया. गर्म तेल की चपेट में आने से छात्र का चेहरा और कान गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद आरोपी ठेला छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मोमोज खाने रुके थे तीन दोस्त
मामला ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र के पुरानी रेशम मिल चौराहे का है. पीड़ित छात्र की पहचान 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया के रूप में हुई है. वह न्यू रेशम मिल स्थित प्रगति नगर का रहने वाला बताया गया है. पुलिस के अनुसार, शिवा अपने दोस्त गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था. रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर लगे मोमोज के ठेले पर रुक गए. शिवा ने 20 रुपए के मोमोज का ऑर्डर दिया.

प्लेट में मोमोज कम दिखे तो की शिकायत
मोमोज मिलने के बाद शिवा ने प्लेट में पीस कम होने की शिकायत की. इसी बात को लेकर उसकी ठेले वाले से कहासुनी शुरू हो गई. दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज भी हुई. आरोप है कि शिवा ने जब अभद्रता का विरोध किया तो अंकित ने उसे धक्का दे दिया. इसके बाद विवाद अचानक हिंसक हो गया.

कढ़ाई से खौलता तेल उठाकर छात्र पर फेंका
आरोप है कि कहासुनी के बीच टेले वाले ने मोमोज बनाने के लिए रखी कढ़ाई से खौलता हुआ तेल उठाया और सीधे शिवा की तरफ फेंक दिया. गर्म तेल पड़ते ही छात्र का चेहरा और कान झुलस गए. अचानक हुए इस हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शिवा को गंभीर हालत में इलाज के लिए ले जाया गया. वहीं घटना के बाद आरोपी अपना ठेला छोड़कर मौके से भाग गया.

पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और घटनाक्रम की जांच की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोमोज की संख्या को लेकर शुरू हुआ विवाद किस तरह इतना बढ़ा और आरोपी ने गर्म तेल फेंकने जैसा कदम क्यों उठाया. जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement