Advertisement

कोचिंग जा रही छात्रा से छेड़खानी, CCTV में कैद वारदात, वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक स्कूल छात्रा से छेड़खानी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. छात्रा के साथ 2 बाइक सवार युवक छेड़खानी करते हैं. उसके साथ मारपीट भी करते हैं. हालांकि फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि दूसरा फरार चल रहा है.

Gwalior News
सर्वेश पुरोहित
  • ग्वालियर,
  • 21 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 6:46 PM IST

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक छात्रा ने छेड़खानी का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्रा रास्ते से जा रही है, तभी बाइक सवार 2 युवक आते हैं और उस लड़की के साथ छेड़खानी करते हैं. फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन दूसरा आरोपी अभी भी फरार है.

CCTV में कैद छात्रा से छेड़खानी-
ग्वालियर के भितरवार में कोचिंग जा रही एक स्कूली छात्रा के साथ बाइक सवार दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है. पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान लोहगढ़ी गांव निवासी योगेश रावत और युवराज रावत के रूप में की. पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश रावत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी युवराज रावत फरार है. पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी तलाश कर रही है.

सहेली के साथ कोचिंग जा रही थी छात्रा-
घटना भितरवार थाना क्षेत्र के कमला स्कूल के पास की है. छात्रा अपनी सहेली के साथ कोचिंग जा रही थी, तभी बाइक पर आए दो युवकों ने आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया. आरोप है कि युवकों ने अश्लील कमेंट किए, छेड़छाड़ की और फिर मारपीट शुरू कर दी. CCTV फुटेज में दोनों युवक छात्रा के साथ बदतमीजी करते साफ नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि शुरू में छात्रा ने इसकी शिकायत पुलिस में नहीं की थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे और पुलिस हरकत में आई. 

एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार-
भितरवार पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान लोहगढ़ी गांव निवासी योगेश रावत और युवराज रावत के रूप में की. पुलिस टीम जब उनके घर पहुंची तो दोनों फरार मिले. भागने के रूट के CCTV खंगालने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश रावत को पकड़ लिया, जबकि युवराज अभी भी फरार है. पूछताछ में योगेश ने बताया कि छात्रा से उसकी पहले से पहचान थी और दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन बाद में दूरियां आ गईं, इसी कारण उसने यह हरकत की. पुलिस ने पीड़िता को थाने बुलाकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दूसरे आरोपी की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement