मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. शादी के करीब एक साल बाद युवती अपने ही ससुराल में मृत मिली. परिवार का दावा है कि मौत से कुछ देर पहले बेटी ने फोन कर खुद पर हो रही प्रताड़ना की बात कही थी और घर ले जाने की गुहार लगाई थी. घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल वाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
कार-सोने की चेन की थी मांग-
जानकारी के मुताबिक पिंटो पार्क निवासी मोहन सिंह रजक की बेटी पलक की शादी अप्रैल 2025 में सुरैयापुरा निवासी अमित रजक से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी में काफी सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार कार और सोने की चेन की मांग कर रहा था. परिवार का कहना है कि इसी बात को लेकर पलक को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था.
खाना तक ठीक से नहीं दिया- फैमिली
मायके पक्ष के अनुसार घटना वाली रात पलक ने अपने पिता को फोन कर बताया कि घर में उससे कोई बात नहीं करता, उसे कई दिनों से ठीक से खाना तक नहीं मिला और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है. पिता ने बेटी को जल्द लेने आने की बात कही, लेकिन कुछ ही देर बाद ससुराल से फोन आया कि पलक ने फांसी लगा ली है.
शरीर पर चोट के निशान- फैमिली
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो पलक की मौत हो चुकी थी. परिवार ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई. घटना से नाराज परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया. उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए.
पापा को फोन पर क्या कहा?
12 मई की रात पलक ने अपने पिता मोहन सिंह को फोन कर कहा था कि पापा, ससुराल में मुझसे कोई बात नहीं करता है. मैंने तीन दिन से खाना भी नहीं खाया. बार-बार कार और सोने की चैन मांगते हैं. लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं. मुझे ले जाओ. पिता ने बेटी से कहा कि ठीक है, तेरे भाई को भेजता हूं. पलक बेहद डरी हुई थी और रोते हुए बोली "मुझे जल्दी आकर ले जाओ, नहीं तो ये लोग मुझे मार डालेंगे."
इसके 20 मिनट बाद दामाद अमित का फोन आया. उसने कहा कि पलक ने फांसी लगा ली है. जब वह लोग पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजनों का कहना है कि पलक के गले, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे, जो मारपीट की ओर इशारा करते हैं.
कमरे में फांसी पर लटकी मिली- ससुराल
वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि पलक ने कमरे में खुद को बंद कर लिया था और बाद में वह फंदे पर लटकी मिली. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है. चूंकि विवाह को एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, इसलिए मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है. अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मृतका सोशल मीडिया पर भी एक्टिव थी. वो लगातार रील बनाती थी. उसके 10 हजार फॉलोअर्स भी थे.
जांच के बाद होगी कार्रवाई- पुलिस
सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के मामले में मायके पक्ष द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पोस्टमार्टम, फॉरेंसिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
(सर्वेश पुरोहित की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: