Advertisement

Hardoi: हेलो! तुम्हारी सौतन बोल रही हूं... इस फोन कॉल के बाद हो गया बड़ा कांड

उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक फोन कॉल ने एक महिला की जान ले ली. दरअसल महिला के पति के मोबाइल से एक कॉल आई. जिसमें एक महिला ने कहा कि मैं तुम्हारी सौतन बोल रही हूं. इसके बाद महिला सदमे में चली गई. वो फौरन ससुराल के लिए मायके से निकली. लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई.

Hardoi News (Photo/Meta AI)
gnttv.com
  • हरदोई,
  • 29 अगस्त 2025,
  • अपडेटेड 12:33 PM IST

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक फोन काल से एक महिला को इतना गहरा सदमा लगा कि फोन काल के कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई. दरअसल यह फोन काल उसके पति के मोबाइल से आयी थी. जिसमें एक महिला ने खुद को महिला की सौतन बताया था. उस दौरान महिला दिल्ली में थी और फोन आने के बाद अपनी माँ के साथ दिल्ली से हरदोई निकल पड़ी. हरदोई के अतरौली थाने के अंतर्गत ढिकुन्नी गांव के पास 25 वर्षीय महिला रीता की बस में ही मौत हो गई. मां की गोद में आखिरी सांस लेने वाली रीता के साथ जो हुआ, उसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. दरअसल, मंगलवार को घर पर आराम कर रही रीता के मोबाइल पर एक अज्ञात महिला का फोन आया. जिसने खुद को उसकी सौतन बताया. यह सुनते ही रीता का कलेजा दहल उठा और वह बेसुध सी हो गई.

'मैं तुम्हारी सौतन बोल रही हूं...' 
घटना अतरौली थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव की है. 25 साल की रीता जलालपुर निवासी थी और इन दिनों मां गुड्डी व भाई रोहित के साथ दिल्ली में रह रही थी. मंगलवार को घर पर आराम कर रही रीता के मोबाइल पर उसके पति के मोबाइल से एक अज्ञात महिला का फोन आया. जिसने खुद को उसकी सौतन बताया. यह सुनते ही रीता का कलेजा दहल उठा और वह बेसुध सी हो गई. फोन कॉल के बाद घबराई रीता तुरंत मां और भाई संग दिल्ली से मायके के लिए बस से रवाना हुई. पूरे रास्ते वह मां की गोद में सिर रखकर रोती रही. लेकिन अतरौली थाना क्षेत्र के ढिकुन्नी पहुंचते ही अचानक उसकी सांसें थम गईं और बस में ही उसने दम तोड़ दिया.

ढाई साल पहले हुई थी शादी-
करीब ढाई साल पहले रीता की शादी सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र के बनियामऊ गांव निवासी शैलेन्द्र से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही रीता टीबी की बीमारी से जूझने लगी. बीमारी बढ़ने पर पति ने उसे मायके छोड़ दिया. इलाज के बाद जब रीता ठीक हुई तो परिवार के समझौते के बाद वह ससुराल चली गई. मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. बीते 24 मई को रीता के पिता का निधन हो गया, जिसके चलते वह मायके जलालपुर आ गई. यहां पति से कहासुनी हो गई और इसके बाद वह मां और भाई संग दिल्ली चली गई थी. मंगलवार को आराम करते समय अचानक मोबाइल की घंटी बजी. फोन उठाते ही उधर से महिला की आवाज आई – हेलो! तुम्हारी सौतन बोल रही हूं. इतना सुनते ही रीता का दिल बैठ गया.

मां ने क्या बताया?
मां गुड्डी के मुताबिक, बेटी पूरे रास्ते बस में रोती रही और कहती रही कि उसका घर उजड़ गया. लेकिन किसे पता था कि यह दर्द उसकी जान ही ले लेगा. ढिकुन्नी गांव के पास रीता की सांसें थम गईं और मां की गोद में ही उसने दुनिया को अलविदा कह दिया. बहन की ऐसे अचानक मौत के बाद उसके भाई ने घटना की सूचना अतरौली थाने में दी, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक मारकंडेय सिंह ने पुलिस को मौके पर भेजकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है. पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सारे तथ्यों के आधार पर जांच करके मामले में कार्रवाई की जायेगी.

(प्रशांत पाठक की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement