उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में घरेलू विवाद के चलते एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां आठ बच्चों की मां और अधेड़ उम्र पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर पति ने पहले पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी. इसके बाद ईंट से उसका सिर कुचल दिया और खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के वक्त घर में पति-पत्नी अकेले थे, जबकि उनके बच्चे दूसरे मकान पर थे. जब दोनों घर वापस नहीं लौटे तो बेटे ने जाकर देखा तो माता-पिता के शव देखकर चीख पड़ा. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या और आत्महत्या की वजह तलाशने में जुटी हुई है.
अक्सर दोनों की बीच होती थी लड़ाई
अधेड़ उम्र पत्नी की हत्या और उसके बाद पति की आत्महत्या का यह मामला पाली थाना क्षेत्र के पुरवा कछेलिया गांव का है. यहां रहने वाले लालपूत राठौर (52) खेतीबाड़ी करते थे. उनके गांव में दो घर बने हुए है. लालपूत काफी नशा करते थे. ऐसे में उनके यहां कई लोगों का आना-जाना लगा रहता था. बताया जा रहा है कि लालपूत और उनकी पत्नी के आठ बच्चों में तीन पुत्र बाहर हैं जबकि एक ऑटो चलाता है. वह भी सुबह ही घर से निकल गया बाकी दो पुत्रियां भी घर में नहीं थीं, जबकि एक बेटा पुराने घर में था. बताया जाता है लालपूत अपनी पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर अक्सर झगड़ा करता था.
शनिवार शाम लालपूत का बेटा पुष्पेंद्र अपने भाइयों के साथ दूसरे मकान पर चला गया. घर में पति-पत्नी अकेले थे. देर शाम जब पुष्पेंद्र वापस लौटा तो आंगन में मां जनुका का खून से लथपथ शव पड़ा था, जबकि पिता लालपूत का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था. जनुका पर चाकू से हमला किया गया था. इसके बाद ईंट से उनका सिर कुचल दिया गया था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मौके से चाकू और ईंट बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस सनसनीखेज घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल पसरा हुआ है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 31 अक्टूबर की देर शाम थाना पाली क्षेत्र के ग्राम कचेलिया पुरवा में पति-पत्नी के बीच विवाद की सूचना मिली थी. पति लालपूत ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी जनुका देवी पर ईंट और सब्जी काटने वाले चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.