उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक गांव में एक शादी समारोह में दुल्हन पक्ष और दूल्हा पक्ष आपस में भिड़ गए. मामला बिगड़ता देख शादी की रस्मों को रोक दिया गया. दूल्हा-दुल्हन के फेरे के दौरान एक मजाक विवाद में बदल गया और जमकर हंगामा हुआ. इस दौरान हाथापाई भी हुई. जिसमें दूल्हा मामूली रूप से जख्मी हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस स्टेशन तक पहुंच गया. दुल्हन को भी ससुराल जाने से पहले थाने जाना पड़ा. ये मामला अतरौली थाना इलाके का है. ग्राम प्रधान के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौदा हुआ. इसके बाद अधूरी रस्में पूरी की गई और शादी हुई.
दुल्हन का पल्लू खींचना पड़ा भारी-
अतरौली थाने के नेवादा विजय गांव के रहने वाले राजकुमार की पुत्री नन्ही का विवाह सीतापुर जनपद के गांव व थाना रामपुर कला निवासी दिनेश पुत्र पैरू के साथ तय था. बुधवार को बारात निर्धारित समय दिन में गांव पहुंची. स्वागत और अन्य रस्मों के बाद रात में विवाह की रस्में शुरू हुईं. अंतिम फेरों के दौरान दूल्हे के छोटे भाई मुकेश ने मजाक में दुल्हन का पल्लू खींच दिया.
मंडप में मारपीट में दूल्हा जख्मी-
इस पर दुल्हन के चाचा पिंकू ने आपत्ति जताई. जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. दोनों पक्षों के कुछ लोग नशे में थे. इससे मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई. मारपीट में दूल्हा दिनेश के सिर में चोट लग गई. जबकि कन्या पक्ष की ओर से दुल्हन का चचेरा भाई रामू भी घायल हो गया.
रोक दी गई शादी की रस्में-
हंगामे के चलते विवाह की रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं और मामला अतरौली थाने पहुंच गया. गुरुवार दोपहर दोनों पक्ष थाने पहुंचे. गांव के प्रधान पति रामलखन की पहल पर दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई. काफी देर चली बातचीत के बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया. समझौते के तहत घायलों के इलाज के लिए 4,500 रुपये दिलाए गए.
दूसरे दिन पूरी की गई बाकी रस्में-
समझौते के बाद दोनों पक्ष गांव लौटे, जहां शाम को अधूरी रह गईं दो भंवरे पूरी कराई गईं. दूल्हे दिनेश ने दुल्हन नन्ही की मांग में सिंदूर भरकर विवाह की शेष रस्में पूरी की. इसके बाद परिजनों ने खुशी-खुशी दुल्हन को विदा किया. प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है. किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत पुलिस थाने में नहीं की.
ये भी पढ़ें: