Advertisement

इलाके में खौफ, पत्नी ने मायके जाने की जिद की तो पति ने कर डाली हत्या

झारखंड के बोकारो जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मायके जाने की जिद पर एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी.

आरोपी पति
gnttv.com
  • बोकारो,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:24 AM IST

झारखंड के बोकारो जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां मायके जाने को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि एक हंसता-खेलता परिवार पल भर में उजड़ गया. इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है.

दिल दहला देने वाली घटना
मामला बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के चाकुलिया पंचायत स्थित रामडीटोला का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, घर के भीतर हुए घरेलू विवाद ने रविवार सुबह भयावह रूप ले लिया. बताया गया है कि मृतका सोनू देवी अपने 13 माह के मासूम बच्चे के साथ घर में सो रही थी. इसी दौरान आरोपी पति विकास रजवार ने घटना को अंजाम दिया.

मायके जाने की बात पर बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, विकास रजवार तमिलनाडु में मजदूरी करता था और करीब 10 दिन पहले ही गांव लौटा था. घर लौटने के बाद पत्नी के मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था. शनिवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई थी. परिजनों के अनुसार, विवाद रात में शुरू हुआ और रविवार सुबह यह दुखद घटना हो गई.

घटना के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी पति ने खुद अपने पिता को इसकी जानकारी दी. इसके बाद परिवार की ओर से पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पिंडराजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

पुलिस जांच जारी
मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. हालांकि जब इस संबंध में पुलिस से बात करने की कोशिश की गई, तो अधिकारी कैमरे पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए.
फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस घरेलू विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि घर के छोटे-छोटे विवाद कभी-कभी कितने बड़े हादसे में बदल सकते हैं.
(रिपोर्ट- संजय कुमार)

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement