Advertisement

Nagpur News: पत्नी के चरित्र पर शक के बाद पति ने कर दी हत्या... हादसा दिखाने की कोशिश... लेकिन ऐसे खुला राज  

एक पति ने पत्नी के चरित्र पर शक के बाद पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी है. इसके बाद इस हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में मारपीट के कारण मौत की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला नागपुर का है.

Accused in police custody
योगेश पांडे
  • नागपुर ,
  • 03 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:03 PM IST

महाराष्ट्र के नागपुर स्थित कपिलनगर पुलिस थाना क्षेत्र में पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर पति द्वारा बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का मामला सामने आया है. पिटाई से गंभीर रूप से घायल पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई. मेडिकल रिपोर्ट में मारपीट के कारण मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. पति द्वारा पत्नी को अस्पताल में यह कहकर भर्ती कराया गया कि हादसे में उसको चोटें पहुंची है लेकिन मौत के बाद पोस्टमार्टम किया गया तब हत्या का राज खुल गया. मृतका की पहचान 36 वर्षीय लक्ष्मी रोशन शहाकार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति 42 वर्षीय रोशन किशोर शहाकार है.

अक्सर होता था विवाद 
पुलिस के मुताबिक, रोशन अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. शुक्रवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि गुस्से में रोशन ने लक्ष्मी की किसी भारी वस्तु से बेरहमी से पिटाई कर दी. मारपीट के बाद लक्ष्मी की तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद रोशन उसे उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले गया. हालांकि, इलाज के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई. 

रोशन का रहा है आपराधिक इतिहास 
शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था लेकिन मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हुई और पुलिस ने पति रोशन को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, रोशन का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वर्ष 2006 में उस पर एक व्यक्ति की हत्या का मामला दर्ज हुआ था. उस मामले की सुनवाई के दौरान वह जमानत पर बाहर आया था. इसी दौरान उसके लक्ष्मी के साथ प्रेम संबंध बने और बाद में दोनों ने शादी कर ली. दोनों के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र तीन और सात साल है.

दो मासूम हुए बेसहारा
इस घटना ने दो मासूम बच्चों से मां का साया छीन लिया है. पिता के गिरफ्तार होने के बाद बच्चों के सामने भी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं. घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement