Advertisement

Saharanpur: विदाई के दौरान हुई आतिशबाजी, पटाखों की चिंगारी से झोपड़ी बदली राख में.. खुशी का माहौल बदला मातम में

एक शादी में दुल्हन की विदाई के अवसर पर हुई आतिशबाज़ी के चलते, एक चिंगारी झोपड़ी पर जा गिरी जिसके बाद झोपड़ी जलकर राख हो गई.

राहुल कुमार
  • सहारनपुर,
  • 29 नवंबर 2025,
  • अपडेटेड 12:44 PM IST

सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव बेग्गी में शुक्रवार शाम शादी की आतिशबाज़ी ने बड़ा हादसा कर दिया. दुल्हन की विदाई के दौरान पटाखे की छूटी एक चिंगारी सीधे दिलशाद नामक गरीब व्यक्ति की झोपड़ी पर जा गिरी. लोग शुरुआत में इसे मामूली आग समझते रहे, लेकिन कुछ ही मिनटों में लपटें आसमान छूने लगीं और पूरा आशियाना धू-धू कर जलने लगा.

फूस की झोपड़ी होने के कारण आग तेजी से फैल गई. ग्रामीणों ने बाल्टियों और टैंकों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सूखा फूस उनके हर प्रयास पर भारी पड़ा. गांव में अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंची और काफ़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक सब कुछ राख में बदल चुका था.

बारात की खुशी छाई मातम में
दिलशाद बेहद गरीब व्यक्ति है और इसी झोपड़ी में रहकर अपने परिवार का गुजारा करता था. बेटी की शादी के लिए वर्षों से जुटाया गया घरेलू सामान दरी, बर्तन, कपड़े, छोटी-मोटी बचत सब आग की भेंट चढ़ गया. राख में तब्दील हुई झोपड़ी को देखकर दिलशाद की आंखों से आंसू बह निकले. गांव में बारात की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं.

घटना की जानकारी पर गंगोह पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों का कहना है कि दिलशाद का नुकसान लाखों में है और प्रशासन को तुरंत आर्थिक मदद देनी चाहिए. हादसे के बाद गांव में गुस्सा है, लोग मांग कर रहे हैं कि लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि ऐसी खुशी के मौके कभी किसी के जीवन का सबसे बड़ा दुख न बनें.

क्या कहना है पुलिस का?
एसपी देहात सागर जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना गंगोह क्षेत्र में एक परिवार में शादी थी दुल्हन की विदाई के समय कुछ पटाखे जलाए गए. जिसकी चिंगारी से पास में बने हुए झोपड़ी पर जाकर लगी. जिससे वह पूरा घर जलकर राख हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया, पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement