Advertisement

इंदौर के बंटी-बबली! AI की वजह से गई नौकरी तो कर दिया खेल, पुलिस ने पकड़ा

मध्य प्रदेश के इंदौर में फिल्म बंटी-बबली से प्रेरित होकर 15 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरी के बाद प्रेमी जोड़ा छुट्टियां मनाने निकल गया था. लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल AI के चलते लड़के की नौकरी चली गई थी, जिसके बाद जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों ने अपराध की दुनिया में कदम रखा.

Indore News
gnttv.com
  • इंदौर,
  • 26 दिसंबर 2025,
  • अपडेटेड 12:12 PM IST

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है. इस चोरी कांड में एक प्रेमी जोड़े को गिरफ्तार किया गया है. राऊ क्षेत्र की पॉश कॉलोनी सिलिकॉन सिटी में 15 लाख रुपये की चोरी हुई थी. प्रेमी जोड़े ने बंटी-बबली से प्रेरित होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

AI के चलते गई थी लड़के की नौकरी-
ये प्रेमी जोड़ा शिक्षित था. जिनकी AI के चलते नौकरी चली गई और उन्होंने खर्चे पूरे करने के लिए चोरी को अंजाम दिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय प्रियांशु और अंजना के रूप में हुई है, जो मूलतः मंडला जिले के रहने वाले हैं. इस चोरी का खुलासा करते हुए क्षेत्रीय डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आरोपी प्रियांशु इंदौर में ही टीसीएस कंपनी में ग्राफिक डिजाइनर था, लेकिन हाल ही में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के कारण हुई छंटनी में उसकी नौकरी चली गई थी. 

NEET की तैयारी कर रही है लड़की-
जबकि अंजना इंदौर में रहकर NEET की तैयारी कर रही है. आर्थिक तंगी और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों ने चोरी की योजना बनाई. डीसीपी लालचंदानी के मुताबिक दोनों आरोपी कक्षा 6 से साथ पढ़ रहे हैं. वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने करीब एक हफ्ते तक सिलिकॉन सिटी स्थित 'श्री ज्वेलर्स' की रेकी की.

कैसे वारदात को दिया अंजाम?
वारदात से कुछ दिन पहले उन्होंने उसी दुकान से कुछ सामान खरीदा, ताकि दुकान की व्यवस्था समझ सकें. प्रियांशु और अंजना ने रेकी के लिए अपने साथ रहने वाले एक अन्य कपल की स्कूटर का उपयोग किया. जहां पुलिस को इसी स्कूटर के जरिए अहम सुराग मिला, जिसका पीछा करते हुए टीम आरोपियों के मंडला स्थित घर तक जा पहुंची. इधर दोनों आरोपियों ने दुकान से करीब 15 लाख रुपये के जेवर चोरी किए थे, जिन्हें वे इंदौर के सर्राफा बाजार में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें बच्चा समझकर खरीददारों ने सामान नहीं खरीदा और दोनों क्रिसमस मनाने मंडला निकल गए. 

पुलिस ने दोनों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों को भोपाल रेलवे स्टेशन से पकड़ा. पुलिस ने इनके पास से चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है. महज 18 साल की उम्र में करियर की शुरुआत करने वाले इन युवाओं का अपराध की दुनिया में कदम रखना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.

(धर्मेंद्र शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement